Page Loader
अफगानिस्तानी बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल ने एक ओवर में लगाए 7 छक्के, रुतुराज गायकवाड़ की बराबरी की
सेदिकुल्लाह अटल ने एक ओवर में लगाए सात छक्के (तस्वीर: ट्विटर/@ACBofficials)

अफगानिस्तानी बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल ने एक ओवर में लगाए 7 छक्के, रुतुराज गायकवाड़ की बराबरी की

Jul 29, 2023
07:58 pm

क्या है खबर?

अफगानिस्तान के सेदिकुल्लाह अटल ने एक ओवर में छक्के लगाकर रुतुराज गायकवाड़ के रिकॉर्ड की बराबरी की है। शाहीन हंटर्स और अबासीन डिफेंडर्स के बीच अयोबी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए काबुल प्रीमियर लीग 2023 के 10वें मैच में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में हर्शल गिब्स, युवराज सिंह, किरोन पोलार्ड और जसकरन मल्होत्रा ने ​एक ओवर में 6 छक्के लगाए। इसके अलावा घरेलू क्रिकेट में 11 खिलाड़ियों ने ओवर की प्रत्येक गेंद पर छक्का लगाया है।

रिकॉर्ड

जजई के ओवर में बनाए 48 रन

शाहीन हंटर्स की कप्तानी कर रहे अटल ने केवल 56 गेंदों में 118 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। आमिर जजई के ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने छक्का लगाया और यह नो बॉल थी। अगली गेंद उन्होंने वाइड की जिस पर 4 रन बने। अगली 6 गेंदों पर अटल ने 6 छक्के लगाए। इससे पहले रुतुराज ने विजय हजारे ट्रॉफी 2022 में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बीच मैच में शिवा सिंह के एक ओवर में सात छक्के लगाए थे।