टी-20 विश्व कप 2026: अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती, अगला मैच नहीं खेलेंगे- रिपोर्ट
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह USA क्रिकेट टीम के खिलाफ पिछले मुकाबले से पहले ही अस्वस्थ थे, लेकिन मैच खेलने के बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई। उन्हें तेज बुखार था और तुरंत राहत के लिए ड्रिप दी गई। उन्होंने दिल्ली में अभ्यास सत्र में भी हिस्सा नहीं लिया। अब नामीबिया के खिलाफ उनके खेलने पर संशय बढ़ गया है।
बयान
USA के खिलाफ अभिषेक ने नहीं की थी फील्डिंग
भारतीय टीम के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने बताया कि अभिषेक को अभी भी पेट से जुड़ी कुछ परेशानी है, लेकिन उम्मीद है कि वह 2 दिन में होने वाले मैच के लिए फिट हो जाएंगे। USA के खिलाफ अभिषेक खाता खोले बिना आउट हो गए थे और भारतीय गेंदबाजी के दौरान मैदान पर भी नहीं उतरे थे। उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी, जबकि जीत के बाद अभिषेक हैंडशेक के लिए भी मैदान पर नहीं आए।
BCCI
BCCI ने क्या कहा?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने PTI को बताया कि अभिषेक को पेट में संक्रमण के कारण एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी समस्या की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच की जा रही हैं। अभी स्पष्ट नहीं है कि उन्हें छुट्टी मिलेगी या नहीं, लेकिन फिलहाल नामीबिया के खिलाफ खेलना मुश्किल है। भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने पुष्टि की है कि वाशिंगटन सुंदर भारतीय टीम से जुड़ चुके हैं।
जानकारी
10 दिन बाद जसप्रीत बुमराह ने की गेंदबाजी
बुमराह पहला मुकाबला नहीं खेले थे। इसके बाद डोशेट ने जसप्रीत बुमराह को लेकर कहा, "बुमराह 10 दिन के ब्रेक के बाद गेंदबाजी कर रहे हैं और अब वह काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं। उनकी मूवमेंट अच्छी है और वह आज फिर गेंदबाजी करेंगे।"
जरूरी
भारतीय टीम के लिए क्यों जरूरी हैं अभिषेक?
अभिषेक भारतीय टीम के लिए इसलिए बेहद अहम हैं क्योंकि वह पावरप्ले में तेज शुरुआत दिलाने की क्षमता रखते हैं। बाएं हाथ के आक्रामक सलामी बल्लेबाज होने के कारण वह गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाते हैं और मैच की दिशा शुरुआती ओवरों में ही बदल सकते हैं। इसके अलावा, वह उपयोगी स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं, जिससे टीम को अतिरिक्त विकल्प मिलता है। उनकी अनुपस्थिति में संजू सैमसन फिर से ओपनिंग करते दिख सकते हैं।