टी-20 विश्व कप 2026: अभिषेक शर्मा को अस्पताल से मिली छुट्टी, क्या नामीबिया के खिलाफ खेलेंगे?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हुए थे। अब उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसकी जानकारी भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने नामीबिया क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच के पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। अभिषेक USA क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले मैच में कुछ खास नहीं कर पाए थे। पिछले मुकाबले से पहले ही अस्वस्थ थे, लेकिन मैच खेलने के बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई।
बयान
तिलक ने क्या कहा?
अभिषेक को लेकर तिलक ने कहा, "अभिषेक को आज अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। कल उनकी स्थिति देखकर तय किया जाएगा कि वह मैच खेलेंगे या नहीं।" अगर अभिषेक को नामीबिया के खिलाफ मैच से आराम दिया जाता है तो उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। खराब फॉर्म के कारण USA के खिलाफ मैच में संजू प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। ईशान किशन और अभिषेक सलामी बल्लेबाज के रूप में आए थे।
जरूरी
भारत के लिए क्यों जरूरी हैं अभिषेक?
अभिषेक भारतीय टीम के लिए इसलिए बेहद अहम हैं क्योंकि वह पावरप्ले में तेज शुरुआत दिलाने की क्षमता रखते हैं। आक्रामक सलामी बल्लेबाज होने के कारण वह गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाते हैं और मैच की दिशा शुरुआती ओवरों में बदल सकते हैं। इसके अलावा, वह उपयोगी स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं, जिससे टीम को अतिरिक्त विकल्प मिलता है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले से पहले अभिषेक पूरी तरह से फिट होना चाहेंगे।