एबी डिविलियर्स ने टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत के चयन पर उठाए सवाल, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए ऋषभ पंत के भारतीय टीम में चयन पर हैरानी जताई है। उनके मुताबिक, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान पंत ऊर्जा और आत्मविश्वास की कमी से जूझते नजर आए थे। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि पंत आगामी सीरीज में शानदार वापसी करेंगे। इस सीरीज में 33 साल के सारांश जैन को मौका मिला है। डिविलियर्स ने इसे शानदार बताया है।
बयान
पंत को लेकर डिविलियर्स ने कही ये बात
डिविलियर्स ने कहा, "पंत को टीम में शामिल किया गया है जो मेरी राय में हैरान करने वाला है। हमें देखना होगा कि उनकी फिटनेस कैसी है और प्रदर्शन करने की उनकी इच्छा कितनी है। IPL के दौरान वह आत्मविश्वास और ऊर्जा में कम नजर आए थे। अब वह फिर से भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और मेरा मानना है कि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आएगा। मैं उनका प्रशंसक हूं। मैं बस उन्हें पूरी तीव्रता से खेलते देखना चाहता हूं।"
डेब्यू
सारांश जैन को लेकर ये बोले डिविलियर्स
डिविलियर्स ने सारांश के चयन को सबसे बड़ा हैरान करने वाला फैसला बताया।
उन्होंने कहा कि 33 साल के सारांश लंबे समय से प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल रहे हैं और उन्हें आखिरकार मौका मिलना शानदार है।
डिविलियर्स ने बताया कि सारांश दाएं हाथ के ऑफ स्पिन गेंदबाज और बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जो उन्हें वाशिंगटन सुंदर जैसा बनाता है।
उन्होंने कहा कि सारांश लंबे समय से खेल रहे हैं और उनके गेंदबाजी आंकड़े शानदार हैं।
कोच
गौतम गंभीर और वीवीएस लक्ष्मण को लेकर ये बोले डिविलियर्स
डिविलियर्स ने कहा, "कभी-कभी आपको लगता है कि ब्रेक लेना सही फैसला है। आप आराम करते हैं। खुद को तरोताजा करते हैं और अपने आपको संभालते हैं, लेकिन फिर अचानक आपको एहसास होता है कि खिलाड़ी किसी और की मौजूदगी का खूब आनंद ले रहे हैं। मुझे नहीं पता कि इसके पीछे कुछ और है या नहीं, लेकिन शायद वीवीएस लक्ष्मण गौतम गंभीर पर थोड़ा दबाव बना रहे हैं और उन्हें जवाब देने के लिए मजबूर कर रहे हैं।"
आंकड़े
ऐसे रहे हैं टेस्ट क्रिकेट में पंत के आंकड़े
पंत ने भारत के लिए पहला टेस्ट साल 2018 में खेला था। अब तक उन्होंने 50 मुकाबले खेले हैं और इसकी 87 पारियों में 43.37 की औसत से 3,557 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 8 शतक और 19 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159* रन रहा है।
श्रीलंका के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 2 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 3 पारियों में 61.66 की औसत से 185 रन बनाने में सफल रहे हैं।