
शुरू होने वाली है कैरेबियन प्रीमियर लीग, जानिए इससे जुड़े कुछ बेहतरीन रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) का आठवां संस्करण 18 अगस्त से ट्रिनिडाड एंड टोबैगो में खेला जाना है।
ट्रिनबागो नाइटराइडर्स लीग की सबसे सफल टीम रही है और उन्होंने तीन बार खिताब अपने नाम किया है।
कैरेबियन टी-20 स्टार्स के साथ विश्व के अन्य बेहतरीन खिलाड़ियों वाली इस लीग में अब तक कई रिकॉर्ड्स बने हैं।
एक नजर डालते हैं CPL में अब तक बने हुए रिकॉर्ड्स पर।
टीम टोटल
सबसे ज़्यादा और सबसे कम टीम टोटल
CPL में सबसे बड़ा स्कोर ट्रिनबागो नाइटराइडर्स ने बनाया है। पिछले सीजन उन्होंने जमैका तल्वहाज के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 267/2 का स्कोर खड़ा किया था।
जवाब में जमैका ने भी 226/5 का स्कोर बनाया, लेकिन 41 रनों से मैच हार गए।
CPL में सबसे लोवेस्ट स्कोर बनाने का रिकॉर्ड ट्रिनडाड एंड टोबैगो रेड स्टील के नाम है।
2013 सीजन में वे बारबाडोस ट्राइडेंट्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 52 पर सिमट गए थे।
सबसे ज़्यादा रन और विकेट
सबसे ज़्यादा रन, शतक, अर्धशतक और विकेट
CPL मे क्रिस गेल (2,354) ने सबसे ज़्यादा रन बनाए हैं। गेल ने 76 मैचों में चार शतकों और 13 अर्धशतकों की मदद से ये रन बनाए हैं।
लेंडल सिमंस ने सबसे ज़्यादा 16 अर्धशतक, वहीं गेल और ड्वेन स्मिथ ने सबसे ज़्यादा 4-4 शतक लगाए हैं।
ड्वेन ब्रावो ने 69 मैचों में सबसे ज़्यादा 97 विकेट लिए हैं और इस सीजन वह 100 CPL विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन सकते हैं।
जानकारी
एक सीजन में सबसे ज़्यादा रन और अर्धशतक
एक सीजन में सबसे ज़्यादा रन न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो (567) ने बनाए हैं। वह 500 या उससे ज़्यादा रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने एक सीजन में सबसे ज़्यादा छह अर्धशतक भी लगाए हैं।
चौके और छक्के
सबसे ज़्यादा छक्के और चौके
क्रिस गेल ने CPL में सबसे ज़्यादा 162 छक्के लगाए हैं और वह 150 से ज़्यादा छक्के लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं।
गेल के अलावा एविन लेविस (111), किरोन पोलार्ड (106) और लेंडल सिमंस (105) ही 100 या उससे ज़्यादा छक्के लगा सके हैं।
जॉनसन चार्ल्स (173) ने सबसे ज़्यादा चौके लगाए हैं। उनके बाद गेल (172) और सिमंस (168) हैं।
आंद्रे रसेल ने एक पारी में सबसे ज़्यादा 13 छक्के लगाए हैं।
अन्य रिकॉर्ड्स
गेंदबाजी से जुड़े अन्य बेहतरीन रिकॉर्ड्स
CPL में एक पारी में सबसे ज़्यादा छह विकेट शाकिब अल हसन ने लिए हैं।
चार ओवर में केवल छह रन खर्च करके छह विकेट लेने वाले शाकिब के नाम CPL का बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन भी है।
एक सीजन में सबसे ज़्यादा 28 विकेट ब्रावो ने लिए हैं। उन्होंने 2015 सीजन में 13 मैच खेलकर इतने विकेट लिए थे।
जेम्स नीशाम ने चार ओवरों में सबसे ज़्यादा 68 रन लुटाए हैं।