Page Loader
IPL में जेपी डुमिनी की यादगार पारियों पर एक नजर 
IPL में 2,000 रन से अधिक रन बना चुके हैं जेपी डुमिनी (तस्वीर: एक्स/@ICC)

IPL में जेपी डुमिनी की यादगार पारियों पर एक नजर 

Apr 21, 2024
07:38 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जेपी डुमिनी अच्छे ऑलराउंडर रहे हैं। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी उम्दा प्रदर्शन किया। उन्होंने 2009 से 2018 तक IPL में कुल 83 मैच खेले, जिसमें 39.78 की औसत और 124.02 की स्ट्राइक रेट से 2,029 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 14 अर्धशतक भी लगाए। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 23 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने लीग में कुछ शानदार पारियां भी खेली हैं। आइए उन पारियों पर एक नजर डालते हैं।

#1

74 रन बनाम RCB, IPL 2012 

IPL 2012 में डेक्कन चार्जर्स का प्रतिनिधित्व करते हुए डुमिनी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 53 गेंदों पर 74 रन की पारी खेली थी। उन्होंने उस पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए थे। उनकी पारी की मदद से चार्जर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 132/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में RCB की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 123/9 का स्कोर ही बना सकी थी और 9 रन से शिकस्त झेली थी।

#2

52* रन बनाम KKR, IPL 2014 

IPL 2014 में दिल्ली से खेलते हुए डुमिनी ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली थी। उन्होंने 35 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए थे, जिसमें 3 चौके और इतने ही छक्के भी शामिल थे। उनकी बदौलत दिल्ली ने उस मुकाबले में जीत के लिए मिले 167 रन के लक्ष्य को हासिल किया था। उनके अलावा दिनेश कार्तिक ने भी अर्धशतक (55) लगाया था।

#3

78* रन बनाम MI, IPL 2015 

IPL 2015 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब की दिल्ली कैपिटल्स) से खेलते हुए डुमिनी ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 50 गेंदों पर नाबाद 78 रन बनाए थे। ये उनके IPL करियर का सर्वोच्च स्कोर रहा। उनकी पारी की मदद से दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190/4 का स्कोर बनाया था। जवाब में MI की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 153/9 का स्कोर ही बना सकी थी और 37 रन से शिकस्त झेली थी।

#4

58* रन बनाम RR, IPL 2012

IPL 2012 में डुमिनी ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के गेंदबाजों की खूब पिटाई की थी। उन्होंने 26 गेंदों पर नाबाद 58 रन बनाए थे, जिसमें 3 चौके और 5 छक्के भी शामिल थे। सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए उस मैच में डुमिनी के अर्धशतक की मदद से डेक्कन चार्जर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 196/2 का स्कोर बनाया था। दिलचस्प रूप से RR ने उस मैच को 5 विकेट से जीता था।

#5

52 रन बनाम KKR, IPL 2009

IPL 2009 में MI की ओर से खेलते हुए डुमिनी ने KKR के खिलाफ 37 गेंदों पर 52 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। उन्होंने अपनी पारी में 1 चौका और 4 छक्के भी लगाए थे। MI ने उस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 148/6 का स्कोर बनाया था। जवाब में KKR की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी थी। MI ने उस मुकाबले को 9 रन से जीता था।