वनडे विश्व कप इतिहास के 5 सबसे सफल कप्तानों के बारे में जानिए, 2 भारतीय शामिल
भारतीय सरजमीं पर आयोजित होने वाले वनडे विश्व कप 2023 शुरू होने में काफी कम समय शेष बचा है। इस मेगा टूर्नामेंट के लिए सभी टीमें अपने-अपने तरीके से तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं। वनडे क्रिकेट के इस सबसे बड़े आयोजन में विश्व क्रिकेट के कई दिग्गज कप्तानों ने अपनी चतुराई से गहरी छाप छोड़ी है। आइए विश्व कप मैचों में सबसे अधिक जीत प्रतिशत रखने वाले कप्तानों के बारे में जानते हैं।
रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया): 89.65%
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग इस मामले में शीर्ष पर विराजमान हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को 2003 और 2007 में लगातार 2 वनडे विश्व कप खिताब दिलाए थे। 15 या उससे अधिक विश्व कप मैचों में नेतृत्व करने वाले खिलाड़ियों में पोंटिंग का जीत प्रतिशत (89.65) सबसे अधिक है। उनके नेतृत्व में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने विश्व कप में 29 में से 26 मैच जीते और केवल 2 मैच हारे थे।
सर क्लाइव लॉयड (वेस्टइंडीज): 88.23%
एक समय विश्व क्रिकेट का 'पावरहाउस' रही वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम वनडे विश्व कप 2023 के लिए क्वालीफाई तक नहीं कर पाई है। इस टीम के स्वर्णिम इतिहास पर नजर डालें तो उसने शुरुआती दोनों वनडे विश्व कप (1975 और 1979) अपने नाम किए थे। टीम को यह दोनों खिताब क्लाइव लॉयड के नेतृत्व में हासिल हुए थे। लॉयड ने अपनी कप्तानी में टीम को 17 में से 15 मैच जिताए थे और उनकी जीत का प्रतिशत 88.23 है।
महेंद्र सिंह धोनी (भारत): 82.35%
21वीं सदी के महान कप्तानों में भारत के महेंद्र सिंह धोनी का नाम बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है। धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत की झोली में 3 ICC ट्रॉफी (टी-20 विश्व कप 2007, वनडे विश्व कप 2011 और चैंपियंस ट्रॉफी 2013) डाली थी। धोनी की कप्तानी कौशल का अद्भुत नमूना पेश करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम को 17 में से 14 मैचों में जीत दिलाई थी। इस महान कप्तान की जीत का प्रतिशत 82.35 रहा है।
कपिल देव (भारत) और हैंसी क्रोन्ये (दक्षिण अफ्रीका): 73.33%
धोनी ने वनडे विश्व कप जीतकर जिस भारतीय विरासत को आगे बढ़ाया था उसकी शुरुआत महान कपिल देव ने की थी। कपिल की कप्तानी में भारत ने 1983 में वेस्टइंडीज को हराकर वनडे विश्व कप जीता था। उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को 15 में से 11 मैचों में जीत दिलाई थी और उनका जीत प्रतिशत 73.33 का था। दक्षिण अफ्रीका के दिवंगत हैंसी क्रोन्ये की कप्तानी में भी टीम ने 73.33 प्रतिशत मैच (15 में से 11) जीते थे।
एलन बॉर्डर (ऑस्ट्रेलिया): 68.75%
ऑस्ट्रेलिया वनडे विश्व कप इतिहास की सबसे सफल टीम है। वह 2 से अधिक बार (1987, 1999, 2003, 2007 और 2015) ट्रॉफी जीतने वाली एकमात्र टीम हैं। खास बात यह है कि इस गौरवशाली इतिहास की शुरुआत एलन बॉर्डर ने की थी। 1987 में कंगारूओं ने पहला विश्व कप उन्हीं की कप्तानी में जीता था। बॉर्डर ने 1992 विश्व कप में भी ऑस्ट्रेलिया का नेतृत्व किया था। कप्तान के रूप में जीत प्रतिशत 68.75 (16 में से 11 मैच) था।