टी-20 विश्व कप 2026 के वो 5 यादगार पल, जब मैदान पर दिखा रोमांच
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने नाम किया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में जीत के लिए मिले 256 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम 159 रन पर सिमट गई। टी-20 विश्व कप 2024 की चैंपियन भारतीय टीम टी-20 विश्व कप 2026 में खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम बनी है। इस टूर्नामेंट में कुछ यादगार पल देखने को मिले, आइए उनके बारे में जानते हैं।
#1
दक्षिण अफ्रीका-अफगानिस्तान के बीच मैच में हुए 2 सुपर ओवर
दक्षिण अफ्रीका ने अपने ग्रुप मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 187/6 का स्कोर बनाया था। जवाब में अफगान टीम भी 187 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी। इसके बाद पहला सुपर ओवर भी टाई रहा, जिसमें दोनों टीमों ने 17-17 रन बनाए। आखिर में दूसरे सुपर ओवर में प्रोटियाज टीम ने 23 रन बनाए। जवाब में अफगान टीम 19 रन ही बना सकी थी। गुरबाज ने दूसरे सुपर ओवर में केशव महाराज के खिलाफ लगातार 3 छक्के लगाए थे।
#2
जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर किया उलटफेर
टी-20 विश्व कप 2026 के 19वें मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला था। जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर सबको चौंका दिया था। सितंबर 2007 के टी-20 विश्व कप के बाद यह पहला मौका था, जब जिम्बाब्वे ने कंगारू टीम को टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मात दी थी। मैच में जिम्बाब्वे ने 169/ 2 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 146 रन पर ही सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलिया सुपर-8 में भी नहीं पहुंच सकी थी।
#3
सेमीफाइनल में अक्षर पटेल ने पकड़े बेहतरीन कैच
भारत ने पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया था। मैच में जीत के लिए मिले 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लिश टीम 246/7 का स्कोर बना सकी थी। इस मैच में अक्षर पटेल ने अविश्वसनीय कैच पकड़े, जो निर्णायक साबित हुए। उन्होंने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर हैरी ब्रूक का बेहतरीन कैच पकड़ा। इसके बाद विल जैक्स के कैच को दौड़ते हुए बाउंड्री के करीब लपका और संतुलन बिगड़ने पर शिवम दुबे के हाथों में थमा दिया।
#4
इंग्लैंड को हराने से चूकी नेपाल की टीम
टी-20 विश्व कप 2026 के 5वें मैच में इंग्लैंड ने नेपाल को 4 रन से हराया था। मैच में नेपाल की टीम ने आखिरी गेंद तक इंग्लैंड को टक्कर दी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 184/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में नेपाल की टीम 180/6 का स्कोर बना पाई थी। आखिरी ओवरों में लोकेश बाम (39*) ने पूरा मुकाबला बदलकर रख दिया। आखिरी गेंद पर 6 रन चाहिए थे, लेकिन वह बड़ा शॉट नहीं खेल पाए।
#5
अर्शदीप और डेरिल मिचेल के बीच हुई तनातनी
फाइनल में न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में डेरिल मिचेल और अर्शदीप सिंह के बीच तनातनी हो गई। दरअसल, ओवर की 5वीं गेंद पर मिचेल ने गेंदबाज की ओर शॉट खेला। अर्शदीप ने गेंद को पकड़ लिया और मिचेल को क्रीज से बाहर देखकर थ्रो कर दिया। इससे गेंद सीधी मिचेल को जा लगी। इसके बाद मिचले गुस्से में अर्शदीप की और बढ़े और मामला गरमा गया। आखिरकार, ओवर की समाप्ति के बाद अर्शदीप ने मिचेल से माफी मांगी।