Page Loader
रॉयल लंदन कप: चेतेश्वर पुजारा ने लगाया तीसरा शतक, लिस्ट-A में पूरे किए 5,000 रन
इस सीजन में पुजारा ने लगाया तीसरा शतक (तस्वीर: ट्विटर/@cheteshwar1)

रॉयल लंदन कप: चेतेश्वर पुजारा ने लगाया तीसरा शतक, लिस्ट-A में पूरे किए 5,000 रन

Aug 24, 2022
11:40 am

क्या है खबर?

भारतीय टेस्ट विशेषज्ञ बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट सीजन में अपना शानदार फॉर्म जारी रखा है। उन्होंने रॉयल लंदन कप 2022 में मिडलसेक्स के खिलाफ शतक लगाया है। ससेक्स की कप्तानी कर रहे पुजारा ने 132 रन बनाए और इस सीजन में अपना तीसरा शतक लगाया। इस शतक की बदौलत उनकी टीम ने 157 रनों से जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। उनके प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

शतकीय पारी

ऐसी रही पुजारा की शतकीय पारी

जब ससेक्स ने 17.2 ओवर में 95 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया तब चेतेश्वर पुजारा बल्लेबाजी के लिए आए। इसके बाद भारतीय बल्लेबाज ने सलामी बल्लेबाज टॉम अलसॉप के साथ 240 रन की साझेदारी की। पुजारा ने 75 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनके लिस्ट A करियर का 14वां शतक है। आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे पुजारा 90 गेंदों में 20 चौकों और दो छक्कों की मदद से 132 रन बनाकर आउट हुए।

आंकड़े

लिस्ट A करियर में पुजारा ने 5,000 रन पूरे किए

2006 में देवधर ट्रॉफी में खेलते हुए पुजारा ने वेस्ट जोन के लिए अपना लिस्ट A डेब्यू किया था। उन्होंने अपने 5,000 रन पूरे कर लिए हैं। पुजारा ने 111 लिस्ट A मैचों में 57.48 की औसत से 5,059 रन बनाए हैं। लिस्ट A में पुजारा ने 14 शतक और 31 अर्धशतक लगाए हैं। पुजारा की 174 रनों की पारी इस प्रारूप की सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी हो गई है।

ट्विटर पोस्ट

पुजारा की शतकीय पारी की झलक देखिये

रॉयल लंदन कप 2022

फिलहाल ससेक्स से सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज हैं पुजारा

रॉयल लंदन कप 2022 में पुजारा ससेक्स की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं। उन्होंने आठ पारियों में 102.33 की औसत और 116.28 की स्ट्राइक रेट से 614 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 60 चौके और 11 छक्के लगाए हैं। इस टूर्नामेंट में पुजारा के स्कोर 9, 63, 14*, 107, 174, 49*, 66 और 132 रहे हैं। उनके बाद ससेक्स के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज एलिस्टेयर ओरे हैं, जिन्होंने 455 रन बनाए हैं।

ग्रुप A

अपने ग्रुप में शीर्ष पर है ससेक्स

ग्रुप A में ससेक्स की टीम फिलहाल शीर्ष पर चल रही है। अब तक खेले आठ में से छह मैचों में उन्होंने जीत हासिल की है जबकि दो में उन्हें हार मिली है। ससेक्स को सिर्फ नॉटिंघमशायर और वारविकशायर के खिलाफ शिकस्त मिली थी। ससेक्स की टीम का प्रदर्शन शानदार चल रहा है और उन्होंने अपने पिछले चार मैचों में जीत हासिल की है। इस बीच ससेक्स ने सरे को 216 रनों से हराकर बड़ी जीत हासिल की थी।