Loading...
जोमैटो का नया फीचर, अब 40 किलोमीटर दूर के रेस्टोरेंट से भी मंगा सकेंगे खाना
अब 40 किलोमीटर दूर के रेस्टोरेंट से भी मंगा सकेंगे खाना

जोमैटो का नया फीचर, अब 40 किलोमीटर दूर के रेस्टोरेंट से भी मंगा सकेंगे खाना

Nov 05, 2026
04:50 pm

क्या है खबर?

जोमैटो ने अपने ग्राहकों के लिए लिमिटलेस डिलीवरी नाम का नया फीचर शुरू किया है। इसकी मदद से अब लोग अपने घर से 40 किलोमीटर दूर तक मौजूद रेस्टोरेंट से भी आसानी से खाना मंगा सकेंगे। पहले ऐप पर ज्यादातर वही रेस्टोरेंट दिखाई देते थे, जो ग्राहक के डिलीवरी पते के आसपास होते थे। नए फीचर से इस सीमा में बदलाव किया गया है। अब ग्राहक अपने पूरे शहर के लोकप्रिय रेस्टोरेंट से खाना मंगा सकते हैं।

तरीका

दो तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं नया फीचर

इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए ग्राहक जोमैटो ऐप के होमपेज पर जाकर 'एक्सप्लोर मोर' सेक्शन में दिए गए खास लिंक पर क्लिक कर सकते हैं।

यहां उन्हें ऐसे लोकप्रिय रेस्टोरेंट की पूरी सूची मिलेगी, जहां से दूर होने के बावजूद खाना मंगाया जा सकता है।

इसके अलावा, ग्राहक ऐप पर सीधे अपने पसंदीदा रेस्टोरेंट का नाम खोजकर भी पहले की तरह सामान्य तरीके से ऑर्डर दे सकते हैं।

विकल्प

ग्राहकों को मिलेंगे ज्यादा विकल्प

इस फीचर को शुरू करने का मुख्य मकसद ग्राहकों को खाना मंगाने के लिए ज्यादा विकल्प और सुविधा देना है।

अब घर से काफी दूर मौजूद पसंदीदा रेस्टोरेंट का खाना खाने के लिए वहां खुद जाने की जरूरत नहीं होगी। उदाहरण के तौर पर, गुरुग्राम में रहने वाला ग्राहक दिल्ली के किसी दूसरे हिस्से में मौजूद रेस्टोरेंट से आसानी से ऑर्डर कर सकेगा।

इससे लोकप्रिय रेस्टोरेंट को शहर के दूसरे इलाकों में रहने वाले ग्राहकों तक पहुंचने का मौका मिलेगा।

ADVERTISEMENT

शहर

7 शहरों में शुरू हुई सेवा

लिमिटलेस डिलीवरी फिलहाल बेंगलुरु, दिल्ली-NCR, चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, पुणे और हैदराबाद समेत 7 शहरों में शुरू की गई है।

इन शहरों के ग्राहक अपने ऐप पर इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, जोमैटो ने अभी यह साफ नहीं किया है कि दूर के रेस्टोरेंट से खाना मंगाने पर अतिरिक्त डिलीवरी शुल्क देना होगा या नहीं।

यह भी जानकारी नहीं दी गई है कि ऐसे ऑर्डर पहुंचने में कितना समय लगेगा।

ADVERTISEMENT