AI डाटा सेंटर्स पर हो रहे बेहिसाब खर्च को लेकर जोहो संस्थापक ने दी चेतावनी
जोहो के संस्थापक श्रीधर वेंबु ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डाटा सेंटर के बढ़ते खर्च को लेकर चिंता जताई है। IBM के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की तरह वे भी मानते हैं कि इन सेंटर्स बहुत ज्यादा पैसा लगाया जा रहा है।
वे कहते हैं कि अभी AI में निवेश की, जो होड़ लगी है, जोहो उसमें शामिल होने के बजाय मजबूत बुनियाद बनाने पर ध्यान देगी। इसमें डाटा की बेहतर प्रोसेसिंग और सुदृढीकरण सीखने जैसे काम शामिल हैं। वे तुरंत फायदे के पीछे नहीं भागना चाहते।
उन्होंने इकोनॉमिक टाइम्स को बताया, "हम 5 साल बाद बात करेंगे।" यह उनके दूरगामी दृष्टिकोण को दिखाता है।
डाटा सेंटर के बेहिसाब निर्माण की चिंता
विशेषज्ञों को चिंता है कि AI डाटा सेंटर में करीब 8,000 अरब डॉलर (करीब 7.5 लाख अरब रुपये) तक का भारी-भरकम निवेश संसाधनों को बर्बाद कर सकता है।
इससे जरूरत से ज्यादा सेंटर बन सकते हैं और बड़ी रकम बेकार चली जाएगी। ऐसी स्थिति पहले भी देखी गई है, जब ब्लॉकचेन या मेटावर्स जैसी तकनीकों पर खूब पैसा बहाया गया, लेकिन आखिर में उनसे कोई खास नतीजा नहीं निकला।