नेत्रासेमी ने पेश किया पहला स्वदेशी AI चिप A2000
जोहो के समर्थन वाले केरलम के स्टार्टअप नेत्रासेमी ने A2000 नाम का चिप पेश किया है, जो भारत में डिजाइन किए गए पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स में से एक है।
यह सेमीकंडक्टर स्मार्ट कैमरों और अन्य एज डिवाइसेस के लिए खास तौर पर बनाया गया है, जो छोटा होने के साथ-साथ कम ऊर्जा खर्च करने वाला होगा।
फिलहाल, इसका परीक्षण निगरानी (सर्विलांस) और ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी के ग्राहकों के साथ चल रहा है।
2027 के मध्य तक व्यावसायिक लॉन्च की तैयारी
A2000 चिप का बड़े पैमाने पर उत्पादन 2027 तक ताइवान की ताइवान सेमीकंडक्टर विनिर्माण कंपनी (TSMC) में शुरू हो जाएगा।इसे 2027 के मध्य में व्यावसायिक तौर पर लॉन्च करने की योजना है।
नेत्रासेमी को सरकार की DLI योजना से 15 करोड़ रुपये मिले हैं। साथ ही जोहो जैसे निवेशकों से 125 करोड़ रुपये का निवेश भी जुटाया गया है।
इसके अलावा, कंपनी कुछ और खास प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रही है। इनमें कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग त्रिवेंद्रम के साथ मिलकर इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) सेंसर के लिए एक AI चिप (R1000) बनाना शामिल है। एक और प्रोजेक्ट है एडवांस एज AI सर्वर चिप (A4000), जिसके 2027 में निर्माण के लिए तैयार होने की उम्मीद है।