स्कूली छात्रा ने बिना बिजली के हवा से पानी बनाने का तरीका खोजा
अमेरिकी राज्य इलिनोइस की एक हाई स्कूल की छात्रा जैनब नथानी ने एक कमाल का आविष्कार किया है। उन्होंने एक ऐसा सौर बायो-जेल बनाया है, जो हवा में मौजूद नमी को पीने लायक पानी में बदल देता है।
खास बात यह है कि इस प्रक्रिया के लिए बिजली की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ती। जैनब के इस आविष्कार में खास बायो-आधारित जेल इस्तेमाल किए गए हैं।
ये जेल पहले हवा से नमी सोख लेते हैं और फिर जब उन पर सूरज की रोशनी पड़ती है तो यही नमी पानी की बूंदों के रूप में बाहर निकल जाती है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
जैनब के इस प्रोजेक्ट को 76वें वार्षिक रेजेनरोन इंटरनेशनल साइंस एंड इंजीनियरिंग फेयर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उन्हें पूरी दुनिया में साफ पानी पहुंचाने का जुनून है। इसी वजह से वह 'नाइल्स एरिया थर्स्ट प्रोजेक्ट' की अगुवाई कर रही हैं। वह सस्ते और आसानी से उपलब्ध पानी की तकनीकों पर भी रिसर्च कर रही हैं। अपने स्कूल में फ्यूचर्स इन स्टेम क्लब की अध्यक्ष भी हैं और साथ ही गणित और विज्ञान में दूसरे छात्रों को पढ़ाती भी हैं।