यूट्यूब के भुगतान करने वाले यूजर्स की संख्या 15 करोड़ के पार
क्या है खबर?
गूगल के वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब के भुगतान करने वाले यूजर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है। गूगल के CEO सुंदर पिचई के अनुसार, यूट्यूब की म्यूजिक और प्रीमियम सेवाओं के सब्सक्राइबर दुनिया भर में 15 करोड़ से अधिक हो गए हैं। इस आंकड़े में मुफ्त ट्रायल लेने वाले यूजर्स भी शामिल हैं। मार्च, 2025 में इन सेवाओं से 12.5 करोड़ यूजर्स जुड़े थे। यह बढ़ोतरी कंपनी की सशुल्क सेवाओं की बढ़ती मांग को दिखाती है।
कमाई
विज्ञापन से होने वाली कमाई की रफ्तार धीमी
यूट्यूब की सदस्यता सेवाओं से होने वाली कमाई लगातार 3 तिमाहियों से विज्ञापन कारोबार के मुकाबले तेजी से बढ़ी है।
हालांकि, सितंबर में समाप्त तिमाही में विज्ञापन से होने वाली कमाई की वृद्धि धीमी रही। इस दौरान यूट्यूब का विज्ञापन राजस्व सालाना आधार पर 9.2 प्रतिशत बढ़कर 11.2 अरब डॉलर पहुंच गया।
पिछली तिमाही में यह वृद्धि 13 प्रतिशत और पहली तिमाही में 11 प्रतिशत रही थी। इससे विज्ञापन कारोबार की धीमी रफ्तार का पता चलता है।
विकल्प
प्रीमियम और प्रीमियम लाइट जैसे विकल्प दे रही यूट्यूब
यूट्यूब अपनी भुगतान वाली सेवाओं का विस्तार करने के लिए अलग-अलग सब्सक्रिप्शन प्लान पेश कर रहा है।
कंपनी ने प्रीमियम के साथ प्रीमियम लाइट भी उपलब्ध कराए हैं, ताकि यूजर्स अपनी जरूरत के हिसाब से सेवा चुन सकें। गूगल के मुख्य कारोबारी अधिकारी फिलिप शिंडलर ने कहा कि इन सेवाओं से दर्शकों और कंटेंट क्रिएटर्स दोनों को फायदा होता है।
सब्सक्रिप्शन से मिलने वाली कमाई क्रिएटर्स को आर्थिक मदद देती है और प्लेटफॉर्म के विकास में योगदान करती है।
अन्य
शॉपिंग और नए फीचर्स से बढ़ रहा कारोबार
यूट्यूब अपने प्लेटफॉर्म पर नए फीचर्स भी जोड़ रही है।
कंपनी के मुताबिक, यहां रोजाना 2 करोड़ से ज्यादा वीडियो अपलोड किए जाते हैं। इसके अलावा, यूट्यूब शॉपिंग कार्यक्रम से दुनियाभर में 13 लाख से अधिक चैनल जुड़े हैं। इस सुविधा के जरिए क्रिएटर्स वीडियो और लाइव प्रसारण में उत्पादों को टैग करके बिक्री पर कमीशन कमा सकते हैं।
भारत में अमेजन, मीशो, अजियो, टाटा क्लिक और स्नैपडील जैसे कारोबारी भी इस कार्यक्रम से जुड़े हैं।