Page Loader
यूट्यूब ने अपनी नीतियों में किया बदलाव, बंदूक वाले वीडियो पर लगाए गए नए प्रतिबंध
यूट्यूब ने अपनी नीतियों में किया बदलाव (तस्वीर: अनस्प्लैश)

यूट्यूब ने अपनी नीतियों में किया बदलाव, बंदूक वाले वीडियो पर लगाए गए नए प्रतिबंध

Jun 06, 2024
10:40 am

क्या है खबर?

यूट्यूब किशोरों की सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए अपने प्लेटफॉर्म के नियमों में लगातार बदलाव कर रही है। गूगल के स्वामित्व वाली प्लेटफॉर्म ने हाल ही में अपनी नीति में बड़ा परिवर्तन किया है, जिसके तहत बंदूक से संबंधित कुछ वीडियो पर आयु प्रतिबंध लगाया गया है। अब 18 वर्ष से कम आयु के दर्शकों के लिए ऐसे कंटेंट अपने आप प्रतिबंधित हो जाएंगे, जिनमें बंदूक का प्रदर्शन किया गया हो। यह नई नीति 18 जून से लागू होगी।

नीति

यूट्यूब ने नई नीति को लेकर क्या कहा?

यूट्यूब के फायरआर्म नीति पेज पर अब एक डिस्केमलर लिखा है, "18 जून, 2024 से सुरक्षा उपकरणों को हटाने का तरीका दिखाने वाला कुछ कंटेंट प्रतिबंधित होगा। घर में बने फायरआर्म, ऑटोमैटिक फायरआर्म और कुछ फायरआर्म उपकरणों के उपयोग को दिखाने वाले कंटेंट पर आयु प्रतिबंध लगाया जाएगा।" कंपनी ने कहा कि 3D प्रिंटिंग आसानी से उपलब्ध होने के कारण फायरआर्म्स की संख्या बढ़ गई है। इस वजह से ऐसे प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं।

नियम

नियम केवल वास्तविक प्रयोग पर होंगे

यूट्यूब ने कहा कि प्रतिबंध फायरआर्म के वास्तविक उपयोग पर लागू होंगे और वीडियो गेम, फिल्म क्लिप या अन्य कलात्मक कंटेंट से संबंधित नहीं होंगे। हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं है कि यूट्यूब सैन्य या पुलिस फुटेज, समाचार या युद्धक्षेत्र वीडियो को कैसे अलग करेगी। गौरतलब है कि हाल ही में ऐसे कई मामले सामने आए थे, जिसमें कम उम्र के बच्चे यूट्यूब से बंदूक के वीडियो को देखकर वास्तविक जीवन में उसका उपयोग करते पाए गए थे।