इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर सकेंगे 90 मिनट तक के वीडियो, जल्द आएगा नया फीचर
क्या है खबर?
मेटा के स्वामित्व वाली इंस्टाग्राम जल्द ही यूट्यूब और एक्स की तरह लंबे वीडियो पोस्ट करने की सुविधा पेश कर सकती है। द हॉलीवुड रिपोर्टर की रिपोर्ट के अनुसार, इंस्टाग्राम लंबे वीडियो के फीचर पर काम कर रही है। इसके तहत कुछ चुनिंदा क्रिएटर्स 90 मिनट तक के वीडियो अपलोड कर सकेंगे। कंपनी इस सुविधा के जरिए पॉडकास्ट बनाने वालों और कॉमेडियन जैसे क्रिएटर्स को अपने प्लेटफॉर्म से जोड़ना चाहती है।
फीचर
छोटी रील्स से पूरे वीडियो तक पहुंच सकेंगे दर्शक
इस फीचर के तहत क्रिएटर्स अपनी छोटी रील्स को पूरे वीडियो से जोड़ सकेंगे। इससे दर्शक रील देखने के बाद उससे जुड़ा पूरा वीडियो भी देख पाएंगे।
इंस्टाग्राम ने पहले ब्राजील में इस सुविधा का परीक्षण किया था। अब अमेरिका में चुनिंदा क्रिएटर्स के साथ इसकी टेस्टिंग हो रही है। कंपनी की योजना इसे अमेरिका के हजारों क्रिएटर्स तक पहुंचाने की है।
इससे पॉडकास्ट और दूसरे लंबे कार्यक्रमों को इंस्टाग्राम पर देखने का मौका मिलेगा।
टीवी
टीवी पर भी लंबे वीडियो दिखाने की तैयारी
इंस्टाग्राम लंबे वीडियो को एक्सप्लोर पेज और प्लेटफॉर्म के दूसरे हिस्सों में भी दिखाने की योजना बना रहा है।
शुरुआत में यह सुविधा मोबाइल पर उपलब्ध होगी। कंपनी अपने टीवी ऐप पर भी वीडियो देखने का अनुभव बेहतर करना चाहती है। इंस्टाग्राम का टीवी ऐप अमेजन फायर टीवी और गूगल टीवी पर उपलब्ध है।
अब इसे अमेरिका में ऐपल टीवी पर भी लाने की तैयारी है। कंपनी को उम्मीद है कि लोग बड़ी स्क्रीन पर लंबे वीडियो देखेंगे।
काम
सीरीज और लाइव वीडियो के फीचर पर भी काम
इंस्टाग्राम सीरीज नाम के फीचर की भी टेस्टिंग कर रही है।
इसके जरिए क्रिएटर्स की प्रोफाइल पर एक ही सीरीज के सभी वीडियो अलग जगह दिखाई देंगे। कंपनी इसे अमेरिका में 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में शुरू करने की योजना बना रही है।
इसके अलावा, इंस्टाग्राम रील्स टैब में लाइव वीडियो दिखाने की सुविधा भी आजमा रही है। फिलहाल इसका परीक्षण इंडोनेशिया और ब्राजील में हो रहा है। अमेरिका में इसे 2027 में लाने की योजना है।