Loading...
अब बिना लॉगिन किए नहीं देख पाएंगे रेडिट की पोस्ट, कंपनी ला रही नया नियम
अब बिना लॉगिन किए नहीं देख पाएंगे रेडिट की पोस्ट

अब बिना लॉगिन किए नहीं देख पाएंगे रेडिट की पोस्ट, कंपनी ला रही नया नियम

Oct 30, 2026
10:53 am

क्या है खबर?

लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट अब बिना अकाउंट बनाए अपनी वेबसाइट इस्तेमाल करने की सुविधा सीमित करने जा रही है। कंपनी चाहती है कि पोस्ट और चर्चाएं देखने वाले लोग पहले लॉगिन करें। रेडिट के मुताबिक, इससे वेबसाइट पर होने वाली ऑटोमैटिक गतिविधियों और डाटा की चोरी रोकने में मदद मिलेगी। अभी कोई भी व्यक्ति बिना अकाउंट बनाए रेडिट पर मौजूद कंटेंट देख सकता है। कंपनी आने वाले महीनों में कुछ देशों में इस नए नियम को आजमाएगी।

नियम

पहले कुछ देशों में लागू होगा नया नियम

रेडिट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) स्टीव हफमैन ने बताया कि कंपनी सबसे पहले अमेरिका के बाहर कुछ चुनिंदा देशों में इस नियम को लागू करके देखेगी।

इसके बाद पता लगाया जाएगा कि इससे लोगों को कितनी परेशानी होती है और कंपनी के काम पर क्या असर पड़ता है। हालांकि, रेडिट ने अभी यह नहीं बताया है कि यह नियम कब लागू होगा।

यह भी साफ नहीं है कि बिना लॉगिन के पोस्ट का लिंक खोलने पर क्या दिखाई देगा।

सुरक्षा

डाटा की सुरक्षा के साथ विज्ञापनों पर भी जोर

हफमैन के मुताबिक, रेडिट के डाटा का बिना अनुमति इस्तेमाल करने वाले लोग ज्यादातर बिना लॉगिन किए वेबसाइट पर आते हैं।

इसलिए कंपनी का मानना है कि लॉगिन जरूरी करने से उसका डाटा सुरक्षित रहेगा। इससे विज्ञापन दिखाने में भी आसानी होगी। कंपनी लॉगिन करने वाले लोगों की पसंद के हिसाब से विज्ञापन दिखा सकेगी।

हालांकि, रेडिट दूसरी कंपनियों को पैसे लेकर अपने डाटा का इस्तेमाल करने की अनुमति देती रहेगी। इनमें OpenAI और गूगल भी शामिल हैं।

ADVERTISEMENT

अन्य

वेबसाइट पर आने वाले लोगों की संख्या घटी

रेडिट ने यह फैसला अपनी तीसरी तिमाही के नतीजे जारी करते समय बताया है।

कंपनी के CEO के मुताबिक, सर्च इंजन के जरिए वेबसाइट पर आने वाले लोगों की संख्या में काफी कमी आई है। अक्टूबर में हर हफ्ते औसतन 10 लाख से ज्यादा लोगों का आना कम हुआ। इसका असर खासकर बिना लॉगिन वेबसाइट देखने वालों पर पड़ा है।

हालांकि, कंपनी की 80 प्रतिशत से ज्यादा कमाई ऐप और लॉगिन करने वाले रोजाना सक्रिय यूजर्स से होती है।

ADVERTISEMENT