एक्सइलेक्ट्रॉन ने भारत में अपना सिनेलक्स 4K स्मार्ट प्रोजेक्टर 49,990 रुपये में लॉन्च किया है। यह खासतौर पर घर में मनोरंजन के शौकीनों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
इस प्रोजेक्टर में नेटिव 4K अल्ट्रा HD रेजोल्यूशन और 4,000-ANSI-ल्यूमेन की शानदार ब्राइटनेस मिलती है। आप इसे बड़ी स्क्रीन पर फिल्में देखने, OTT सीरीज का मजा लेने, खेल के मैच देखने या गेम खेलने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसे अमेजन इंडिया, फ्लिपकार्ट और एक्सइलेक्ट्रॉन की अपनी वेबसाइट से खरीदा जा सकता है। ग्राहकों की सुविधा के लिए कंपनी एक साल की वारंटी भी दे रही है।
प्रोजेक्टर में मिलता है 300 इंच HDR सपोर्ट
सिनेलक्स प्रोजेक्टर 300 इंच तक की बड़ी स्क्रीन पर डिस्प्ले दिखाता है। इसमें HDR सपोर्ट भी है, जिससे तस्वीरें और वीडियो एकदम साफ और शानदार दिखते हैं।
इसे चलाने के लिए इसमें A55 क्वाड-कोर प्रोसेसर लगा है। साथ ही 2GB रैम और 32GB स्टोरेज भी मिलती है, जिससे यह बिना रुके काम करता है। इसमें ऑटो फोकस और ऑटो कीस्टोन करेक्शन जैसे फीचर्स भी हैं, जो प्रोजेक्टर को सेट करना बहुत आसान बना देते हैं।
आवाज के लिए इसमें ड्यूल 10-वॉट स्पीकर्स दिए गए हैं, जो डॉल्बी ऑडियो और DTS डिकोडिंग को सपोर्ट करते हैं। कनेक्टिविटी की बात करें तो इसमें वाई-फाई 6, ब्लूटूथ 5.0, HDMI पोर्ट्स और USB पोर्ट्स जैसे कई विकल्प मिलते हैं। एयरप्ले और मिराकास्ट की मदद से स्क्रीन मिररिंग भी बहुत आसानी से हो जाती है।