एक्स ने लॉन्च किया वीडियो क्लिपिंग टूल, जानिए कैसे करें उपयोग
क्या है खबर?
एलन मस्क की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने यूजर्स के लिए एक नया वीडियो क्लिपिंग फीचर शुरू किया है। इसकी मदद से लोग लंबे वीडियो के छोटे हिस्से काटकर अपनी टाइमलाइन पर साझा कर सकेंगे। यह सुविधा फिलहाल आईफोन और एंड्रॉयड ऐप पर उपलब्ध कराई जा रही है। इसके जरिए यूजर्स वीडियो का पसंदीदा हिस्सा चुनने के साथ उस पर अपनी राय भी लिख सकेंगे। कंपनी जल्द ही इसका वेब वर्जन भी पेश करेगी।
तरीका
ऐसे बना सकेंगे लंबे वीडियो की छोटी क्लिप
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को एक्स पर मौजूद किसी लंबे वीडियो को खोलना होगा।
इसके बाद क्लिप बनाने वाले विकल्प पर जाकर वीडियो का पसंदीदा हिस्सा चुन सकते हैं। हालांकि, यह सुविधा केवल पहले से रिकॉर्ड किए गए कम से कम दो मिनट लंबे वीडियो पर काम करेगी।
बनाई जाने वाली क्लिप की अवधि 5 से 60 सेकंड के बीच होनी चाहिए। साथ ही उसकी लंबाई मूल वीडियो के 30 फीसदी से अधिक नहीं हो सकती।
क्रेडिट
क्लिप साझा करने पर मूल क्रिएटर को मिलेगा क्रेडिट
क्लिप तैयार होने के बाद यूजर्स उसमें अपनी बात जोड़कर उसे सीधे टाइमलाइन पर पोस्ट कर सकते हैं।
हर क्लिप के साथ 'क्लिप फ्रॉम' का निशान दिखाई देगा, जिससे मूल वीडियो बनाने वाले की पहचान बनी रहेगी। इस पर क्लिक करने से दर्शक सीधे मूल वीडियो के उसी हिस्से पर पहुंच जाएंगे।
क्लिप बनाने वाला और मूल वीडियो का निर्माता दोनों कमाई कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें कंपनी के ओरिजिनल कंटेंट रिवॉर्ड्स कार्यक्रम की शर्तें पूरी करनी होंगी।
योजना
एक्स का मकसद ज्यादा क्रिएटर्स को जोड़ना
कंपनी के कार्यक्रम से कमाई के लिए एक्स प्रीमियम सदस्यता, कम से कम 500 सत्यापित फॉलोअर्स और 90 दिनों में 5 लाख वेरिफिएड इंप्रेशन जरूरी हैं।
फिलहाल लाइवस्ट्रीम से क्लिप बनाने की सुविधा नहीं है, लेकिन कंपनी इसे जोड़ने की तैयारी कर रही है। मूल क्रिएटर के पास अपनी वीडियो क्लिपिंग रोकने का विकल्प भी अभी नहीं है।
हालांकि, मूल वीडियो हटाने पर उससे बनी सभी क्लिप अपने आप डिलीट हो जाएंगी।