एक्स पर आया पैरेंटल कंट्रोल फीचर, संवेदनशील कंटेंट और विज्ञापनों पर लगेगी रोक
क्या है खबर?
एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने किशोरों के अकाउंट के लिए पैरेंटल कंट्रोल की सुविधा शुरू कर दी है। अब 13 से 17 साल के बच्चों के माता-पिता उनके अकाउंट के इस्तेमाल से जुड़ी कई सेटिंग्स बदल सकेंगे। नए अकाउंट अपने आप सुरक्षित मोड में रहेंगे। इसमें संवेदनशील तस्वीरों और वीडियो को दिखाने पर रोक होगी। इसके अलावा किशोरों को उनकी पसंद और गतिविधियों के आधार पर विज्ञापन नहीं दिखाए जाएंगे।
नियंत्रण
स्क्रीन टाइम से लेकर फॉलोअर्स तक पर रहेगा नियंत्रण
इस सुविधा के जरिए माता-पिता अपने बच्चों का रोजाना स्क्रीन टाइम देख सकेंगे और एक्स इस्तेमाल करने की समय सीमा तय कर सकेंगे।
वे नए फॉलोअर्स को मंजूरी देने की शर्त भी रख सकते हैं। इसके अलावा, कुछ शब्दों को ब्लॉक करने और बच्चों को सीधे मैसेज भेजने वाले लोगों को सीमित करने का विकल्प मिलेगा।
बच्चों के लिए दिखाए जाने वाले सुझावों को भी उन अकाउंट्स तक सीमित किया जा सकेगा, जिन्हें वे पहले से फॉलो करते हैं।
निजी चैट
बच्चों की निजी चैट नहीं पढ़ सकेंगे अभिभावक
नई सुविधा में माता-पिता यह देख पाएंगे कि उनके बच्चे ने एक्स पर किन अकाउंट्स के साथ निजी बातचीत की है, लेकिन उन्हें चैट के मैसेज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। वे बच्चों की सर्च हिस्ट्री भी नहीं देख सकेंगे।
इसके अलावा, माता-पिता बच्चों के अकाउंट से पोस्ट नहीं कर पाएंगे और न ही उसमें लॉगिन कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, एक अभिभावक अधिकतम 5 किशोरों के अकाउंट को कंट्रोल कर सकता है।
अन्य
विवादों के बीच एक्स ने उठाया कदम
एक्स ने माना है कि उसका प्लेटफॉर्म बच्चों के लिए नहीं बनाया गया है।
इसके बावजूद किशोरों के लिए पैरेंटल कंट्रोल की सुविधा शुरू की गई है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कंटेंट, गलत जानकारी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पहले से सवाल उठते रहे हैं।
कई देशों में भी बच्चों के ऑनलाइन इस्तेमाल को सुरक्षित बनाने के लिए नियम सख्त किए जा रहे हैं। एक्स का यह कदम अभिभावकों को बच्चों के अकाउंट पर नियंत्रण देने की कोशिश है।