Page Loader
एक्स का दावा, भारत सरकार ने रॉयटर्स समेत 2,355 खातों को कराया था बंद
भारत ने रॉयटर्स समेत 2,355 एक्स एकाउंट्स को बंद कराया था

एक्स का दावा, भारत सरकार ने रॉयटर्स समेत 2,355 खातों को कराया था बंद

लेखन गजेंद्र
Jul 08, 2025
05:58 pm

क्या है खबर?

सोशल मीडिया कंपनी एक्स (पूर्व में ट्विटर) ने मंगलवार को दावा किया कि उसने पिछले दिनों भारत सरकार के आदेश पर अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स समेत 2,355 खातों को बंद किया था। कंपनी ने बताया कि उसे 3 जुलाई को इन खातों को बंद करने का आदेश दिया गया था। हालांकि, बाद में सरकार ने रॉयटर्स औररॉयटर्स वर्ल्ड नाम के खातों को प्रतिबंध से हटाने का आदेश दिया। एक्स ने यह जानकारी ग्लोबल गवर्मेंट अफेयर नाम के खाते से दी।

खुलासा

कंपनी ने क्या कहा?

एक्स कंपनी ने लिखा, '3 जुलाई को, भारत सरकार ने एक्स को IT अधिनियम की धारा 69A के तहत भारत में 2,355 अकाउंट ब्लॉक करने का आदेश दिया था, जिसमें रॉयटर्स और रॉयटर्स वर्ल्ड जैसे अंतरराष्ट्रीय समाचार आउटलेट शामिल हैं। कानून पालन न करने पर अपराध माने जाने का जोखिम था। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बिना किसी औचित्य के तत्काल कार्रवाई की मांग की और एक घंटे में खातों को अगली सूचना तक अवरुद्ध रहने के लिए कहा।'

आदेश

लोगों की नाराजगी के बाद प्रतिबंध हटाने को कहा

कंपनी ने आगे लिखा, 'सार्वजनिक आक्रोश के बाद, सरकार ने एक्स से रॉयटर्स के दोनों खातों को अनब्लॉक करने का अनुरोध किया। हम अवरुद्ध आदेशों के कारण भारत में चल रही प्रेस सेंसरशिप के बारे में बहुत चिंतित हैं। एक्स सभी उपलब्ध कानूनी विकल्पों को खोज रहा है। एक्स को भारतीय कानून के तहत इन आदेशों के खिलाफ चुनौती पेश करने में बाधा आ सकती है। हम प्रभावित उपयोगकर्ताओं से कोर्ट के जरिए कानूनी उपाय करने का आग्रह करते हैं।'

कारण

क्यों लगाया गया था रॉयटर्स पर प्रतिबंध?

भारत में रॉयटर्स पर प्रतिबंध क्यों लगाया गया, इसको लेकर कोई खास कारण सामने नहीं आया है और न ही सरकार ने आधिकारिक बयान दिया है। हालांकि, मई में भारत-पाकिस्तान तनाव के समय 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान रॉयटर्स की रिपोर्टिंग पर सवाल उठ रहे थे। हालांकि, तब इस पर प्रतिबंध नहीं लगा था। बता दें कि लंदन स्थित एजेंसी रॉयटर्स के 200 से अधिक देशों में 2,500 से अधिक पत्रकार और 600 से अधिक फोटो पत्रकार कार्यरत हैं।