एक्स चैट ऐप जल्द ही iOS यूजर्स के लिए होगा उपलब्ध
क्या है खबर?
एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी एक्स ने अपनी प्राइवेट मैसेजिंग सेवा को अलग ऐप के रूप में लॉन्च करने की तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी ने एक्स चैट नाम से एक नया स्टैंडअलोन ऐप टेस्टिंग के लिए जारी किया है। अभी इसका शुरुआती बीटा वर्जन ऐपल के टेस्ट फ्लाइट प्लेटफॉर्म पर सीमित यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है। यह फिलहाल कुछ हजार शुरुआती यूजर्स इसे टेस्ट कर रहे हैं और आगे धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ाया जाएगा।
टेस्टिंग
बीटा टेस्टिंग में तेजी से जुड़ रहे यूजर्स
कंपनी के प्रोडक्ट डिजाइनर माइकल बॉसवेल ने बताया कि यह ऐप पिछले कुछ महीनों से चुपचाप तैयार किया जा रहा था। शुरुआत में इसे करीब 1,000 यूजर्स के लिए खोला गया था, लेकिन कुछ ही समय में यह संख्या बढ़ाकर लगभग 5,000 कर दी गई। कंपनी चाहती है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे इस्तेमाल करें और ऐप में मौजूद कमियों या तकनीकी समस्याओं के बारे में फीडबैक दें ताकि इसे बेहतर बनाया जा सके।
फीचर
DM फीचर का नया और बेहतर रूप
एक्स चैट दरअसल एक्स के मौजूदा डायरेक्ट मैसेज यानी DM फीचर का नया और उन्नत रूप माना जा रहा है। कंपनी का दावा है कि इसमें एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन जैसी सुरक्षा सुविधा दी जाएगी। हालांकि, कुछ सुरक्षा विशेषज्ञों ने कहा है कि यह मैसेजिंग सेवा अभी सिग्नल जैसे सुरक्षित ऐप्स जितनी मजबूत नहीं मानी जा सकती। ऐसे में यूजर्स को फिलहाल इसका इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है।
एंड्रॉयड
जल्द आ सकता है एंड्रॉयड वर्जन
शुरुआती टेस्टर्स ने ऐप के इंटरफेस के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं, जिनमें इसका डिजाइन पहले से ज्यादा सरल और स्मूथ बताया गया है। ऐप में अभी कुछ फीचर्स जैसे मैसेज रिक्वेस्ट, कॉलिंग और वेरिफाइड बैज पर काम चल रहा है। कंपनी के अनुसार, यह ऐप एक्स प्लेटफॉर्म और वेब चैट के साथ सिंक भी करेगा। इसके अलावा, जल्द इसका एंड्रॉयड वर्जन भी जारी किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।