Page Loader
एक्स सिग्नल ऐप के लिंक शेयर करने से यूजर्स को रोक रही, मिल रही चेतावनी
एक्स ने सिग्नल ऐप के लिंक को किया ब्लॉक

एक्स सिग्नल ऐप के लिंक शेयर करने से यूजर्स को रोक रही, मिल रही चेतावनी

Feb 18, 2025
10:01 am

क्या है खबर?

एक्स ने Signal.me लिंक को ब्लॉक कर दिया है, जो मैसेजिंग ऐप सिग्नल का एक विशेष URL है। यह लिंक लोगों को सीधे जुड़ने की सुविधा देता है, जिसे संघीय कर्मचारी संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए इस्तेमाल कर रहे थे। इस ब्लॉक के पीछे संभावित कारण सरकारी संगठनों और कर्मचारियों पर नियंत्रण बढ़ाना हो सकता है। यह कदम ऐसे समय में आया है, जब एक्स पहले भी कई कंटेंट को सेंसर करने के आरोपों का सामना कर चुका है।

 कारण 

ब्लॉकिंग का कारण सुरक्षा या सेंसरशिप?

जब कोई एक्स पर Signal.me लिंक पोस्ट करने की कोशिश करता है, तो उसे स्पैम और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ब्लॉकिंग मैसेज मिलता है। अगर कोई मौजूदा लिंक पर क्लिक करता है, तो उसे चेतावनी दिखाई जाती है कि यह असुरक्षित हो सकता है। हालांकि, यूजर्स को इसे अनदेखा कर आगे बढ़ने का विकल्प मिलता है। इससे यह सवाल उठता है कि यह निर्णय सुरक्षा के लिए लिया गया है या सेंसरशिप लागू की जा रही है।

भूमिका

संघीय कर्मचारियों की छंटनी और मस्क की भूमिका

एलन मस्क और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप संघीय कर्मचारियों की छंटनी के लिए साथ काम कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, केवल 14 फरवरी को 9,500 से अधिक कर्मचारियों को हटा दिया गया। इससे सरकारी संगठनों और कर्मचारियों में चिंता बढ़ रही है। माना जा रहा है कि यह छंटनी सरकारी कामकाज को नया रूप देने के उद्देश्य से की जा रही है, लेकिन इसके पीछे राजनीतिक कारण भी हो सकते हैं।