
WWDC 2025: विजनOS 26 हुआ लॉन्च, विजेट और कंट्रोल में हुए बड़े बदलाव
क्या है खबर?
WWDC 2025 में आज ऐपल ने अपने विजन प्रो हेडसेट के लिए नया ऑपरेटिंग सिस्टम विजनOS 26 लॉन्च किया है। पहले इसे विजनOS 2 कहा जाता था, लेकिन अब iOS और मैकOS जैसे अन्य सिस्टम से मेल करने के लिए इसका नाम बदला गया है। यह अपडेट विजन प्रो के इस्तेमाल को और आसान, मजेदार और आकर्षक बनाने पर केंद्रित है। यह नया OS अब डेवलपर्स के लिए उपलब्ध है और जल्द ही आम यूजर्स को भी मिलेगा।
विजेट
विजेट और कंट्रोल में बड़े बदलाव
नए OS में विजेट अब आपकी जगह पर ही नजर आएंगे, जैसे आपने जहां रखे थे वहीं दिखेंगे। यूजर इन विजेट्स का रंग, चौड़ाई और गहराई बदल सकते हैं और इसमें घड़ी, मौसम, फोटो और म्यूजिक जैसे कई नए विजेट भी जुड़े हैं। अब यूजर आसानी से अपनी प्लेलिस्ट सुन सकेंगे और पसंदीदा यादों की फोटोज़ देख सकेंगे। इसके साथ ही, विजन प्रो में नया कंट्रोल सेंटर और फोल्डर सपोर्ट भी जोड़ा गया है।
खासियत
अब आंखों से होगा स्क्रॉल
विजनOS 26 में सबसे खास फीचर 'लुक टू स्क्रॉल' है। अब यूजर सिर्फ आंखों से ही स्क्रीन पर स्क्रॉल कर सकते हैं। पहले स्क्रॉल के लिए हाथों से इशारा करना पड़ता था, लेकिन अब ये काम सिर्फ आंखों से हो सकेगा और स्क्रॉल की स्पीड भी सेट की जा सकती है। आईफोन से विजन प्रो पर कॉल का जवाब देना, उसे अनलॉक करना और कॉल रिले जैसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं, जिससे अनुभव और बेहतर होगा।
अन्य
पेर्सोना और भाषा सपोर्ट में सुधार
ऐपल ने विजन प्रो के अंदर यूजर के अवतार यानी पर्सना को और बेहतर किया है। अब बाल, पलकें और रंग पहले से ज्यादा साफ नजर आएंगे और यूजर अब यह देख सकते हैं कि उनका पर्सना कैसे दिखेगा और उसे एडजस्ट कर सकते हैं। इसके अलावा विजन प्रो अब और भाषाओं को सपोर्ट करेगा, जैसे हिंदी, जापानी, स्पेनिश और कोरियन, जिससे भारत सहित कई देशों के यूजर्स को बेहतर अनुभव मिलेगा।