
WWDC 2025: ऐपल ने की मैकOS 26 की घोषणा, यहां जानिए इसके सभी फीचर्स
क्या है खबर?
ऐपल ने अपने WWDC 2025 इवेंट में मैक के लिए नए सिस्टम मैकOS 26 की घोषणा की है। यह नया वर्जन इस साल के अंत में जारी किया जाएगा। इसमें मैक के इंटरफेस को नया रूप दिया गया है और कई खास फीचर्स जोड़े गए हैं। यह अपडेट मैकबुक प्रो, मैकबुक एयर, मैक स्टूडियो या मैक प्रो जैसे कंप्यूटरों पर उपलब्ध होगा। इसका टेस्टिंग फिलहाल वर्जन डेवलपर्स के लिए शुरू कर दिया गया है।
लुक
नया लुक और थीम की सुविधा
इस नए सिस्टम में मैक का लुक पूरी तरह बदला गया है। आइकन, टूलबार और ऐप की डिजाइन अब एकदम चमकदार और कांच जैसी दिखती है। अब आप अपने मैक को अपने पसंदीदा रंगों से थीम कर सकते हैं। फोल्डर और ऐप आइकन के रंग भी बदले जा सकते हैं, जिससे कंप्यूटर का पूरा लुक आपकी पसंद के अनुसार ढल जाएगा। यह सुविधा पहले सिर्फ फोन में मिलती थी, लेकिन अब मैक में भी मिलेगी।
फीचर्स
कॉल और सर्च के नए विकल्प
अब मैक में एक अलग कॉल ऐप मिलेगा, जिससे आप आईफोन से जुड़े बिना भी कॉल का अनुभव ले सकेंगे। इसमें वॉइसमेल, कॉल होल्ड और स्क्रीनिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके साथ ही, सर्च फीचर को भी बहुत बेहतर किया गया है। अब आप सर्च से सीधे काम कर सकते हैं जैसे ईमेल भेजना या नोट बनाना। यह एक मिनी ऐप लॉन्चर की तरह भी काम करेगा, जिससे आपको ऐप्स ढूंढने में आसानी होगी।
अन्य फीचर्स
गेमिंग और ट्रांसलेशन की सुविधाएं
मैक में अब गेमिंग के लिए अलग ऐप मिलेगा, जिसमें आप गेम ढूंढ सकेंगे, खेल सकेंगे और दोस्तों के साथ जुड़ सकेंगे। गेम के दौरान सेटिंग बदलने और चैट करने की सुविधा भी रहेगी। इसके साथ ही, नए AI फीचर्स में मैसेज का लाइव ट्रांसलेशन, इमोजी बनाने की सुविधा और नए शॉर्टकट जोड़े गए हैं। आप किसी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए भी लाइव ट्रांसलेशन देख पाएंगे, जिससे बात करना आसान हो जाएगा।
उपलब्धता
कब मिलेगा यह नया सिस्टम?
इस नए सिस्टम का टेस्ट वर्जन अभी से डेवलपर्स के लिए उपलब्ध है। जुलाई में आम लोगों के लिए इसका बीटा वर्जन आएगा और फाइनल वर्जन इस साल के अंत तक सभी यूजर्स के लिए जारी किया जाएगा। जिन लोगों के पास मैकबुक प्रो, मैकबुक एयर, मैक स्टूडियो या मैक प्रो है, उन्हें यह अपडेट मुफ्त में मिलेगा। ऐपल का कहना है कि यह अपडेट सभी पुराने फीचर्स को बनाए रखते हुए नए अनुभव देगा।