xAI के पूर्व अधिकारियों ने बनाया भविष्य की घटनाओं का अनुमान लगाने वाला स्टार्टअप
एलन मस्क की कंपनी xAI के 3 पूर्व सह संस्थापक गुओडोंग झांग, जिहांग दाई और मैनुअल क्रोइस ने मिलकर ईपोचल नाम का एक नया स्टार्टअप शुरू किया है।
इस स्टार्टअप का मकसद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को सिखाना है कि वह इंटरनेट के दशकों पुराने इतिहास से सीखकर भविष्य की घटनाओं का अनुमान कैसे लगाए।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) झांग ने इस काम को शुरू करने के लिए पहले ही 10 करोड़ डॉलर (करीब 900 करोड़ रुपये) का निवेश कर दिया है।
ईपोचल ने खंगाले 1,000 अरब वेब पेज
xAI छोड़ने के बाद इस साल की शुरुआत में इस टीम ने OpenAI और गूगल डीपमाइंड जैसी बड़ी कंपनियों से बेहतरीन प्रतिभाओं को अपने साथ जोड़ा है।
उनकी सबसे बड़ी खासियत ईपोचल टाइम पोर्टल है। यह एक ऐसा ट्रेनिंग प्लेटफॉर्म है, जिससे AI पिछले 30 सालों के 1,000 अरब से ज्यादा वेब पेजों की जांच कर सकता है। इसमें भविष्य का डाटा को नहीं देखा जाता। शुरुआती परीक्षणों से पता चला है कि यह वास्तविक दुनिया के नतीजों का अनुमान लगाने में काफी सटीक है। हालांकि, यह अभी कोई ज्योतिषी नहीं है, फिर भी ईपोचल को उम्मीद है कि यह तकनीक बेहतर निर्णय लेने वाले टूल बनाने में काम आएगी। उत्सुक यूजर्स इसका एक लिमिटेड वर्जन खुद भी इस्तेमाल कर सकते हैं।