AI के दौर में पैसे बचाने की जरूरत नहीं रहेगी? एलन मस्क का बड़ा दावा
क्या है खबर?
टेस्ला और स्पेस-X के प्रमुख एलन मस्क ने भविष्य की अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ा अनुमान जताया है। उनका कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोट के बढ़ते इस्तेमाल से एक ऐसा दौर आ सकता है, जब लोगों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए ज्यादा पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे। इसी आधार पर उन्होंने कहा कि दूर के भविष्य के लिए बचत करना शायद जरूरी नहीं रहेगा। मस्क ने यह बात एक एक्स पोस्ट के जवाब में कही है।
उत्पादन
AI से बढ़ सकता है सामान और सेवाओं का उत्पादन
मस्क के मुताबिक, बेहद उन्नत AI और रोबोट दुनिया में सामान और सेवाओं की उपलब्धता बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने एक्स पर एक यूजर की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में भविष्य के लिए लंबे समय तक पैसे बचाने का महत्व कम हो सकता है।
उनका मानना है कि तकनीक के विकास से उत्पादन की प्रक्रिया आसान होगी और लोगों की जरूरतें पूरी करने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हो सकते हैं।
संभावना
2036 तक पैसे की अहमियत कम होने की संभावना
मस्क पहले भी कह चुके हैं कि AI इंसानों की बुद्धिमत्ता से आगे निकल सकता है।
द इकोनॉमिस्ट को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अनुमान लगाया था कि 2036 तक पैसे का महत्व काफी कम हो सकता है। उनके अनुसार, AI और रोबोट जरूरत से ज्यादा सामान और सेवाएं तैयार कर सकेंगे।
उन्होंने इस संभावित बदलाव को प्रचुरता का दौर बताया, लेकिन साथ ही कहा कि दुनिया में होने वाली कुछ घटनाएं इस दिशा में प्रगति रोक सकती हैं।
विकल्प
लोगों के लिए काम करना बन सकता है विकल्प
मस्क का मानना है कि अगर रोबोट और AI बड़ी मात्रा में उत्पादन करने लगें, तो लोगों को जीवन चलाने के लिए नौकरी करना जरूरी नहीं रह जाएगा।
ऐसे में वे अपनी रुचि के अनुसार काम चुन सकेंगे। मस्क ने यह भी संभावना जताई है कि बढ़ते स्वचालन के कारण सरकारें लोगों को आय देने की व्यवस्था कर सकती हैं।
हालांकि, यह बदलाव कब होगा और इसका फायदा समाज के सभी लोगों तक कैसे पहुंचेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
Saving money for the distant future is pointless with the advent of super intelligent abundance
— Elon Musk (@elonmusk) October 29, 2026