क्यों मेटा करेगा अपने कर्मचारियों के माउस-कीबोर्ड की गतिविधियां रिकॉर्ड?
क्या है खबर?
मेटा ने अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए नया तरीका निकाल रही है। इसके लिए वह अपने कर्मचारियों के माउस मूवमेंट और कीस्ट्रोक्स से एकत्रित डेटा का उपयोग करने की योजना बना रही है। माउस की गतिविधियों, क्लिक और कीस्ट्रोक को कैप्चर करने के लिए कर्मचारियों के कंप्यूटरों पर नया ट्रैकिंग साॅफ्टवेयर स्थापित किया जा रहा है, जो कि ऑटोनॉमस कार्य करने में सक्षम AI एजेंट्स के निर्माण की एक व्यापक पहल का हिस्सा है।
तरीका
कैसे काम करेगा ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, मॉडल कैपेबिलिटी इनिशिएटिव (MCI) नामक यह टूल कार्य संबंधी ऐप्स और वेबसाइट्स पर चलेगा और कर्मचारियों की स्क्रीन पर मौजूद सामग्री के समय-समय पर स्नैपशॉट भी लेगा। एक मेमो के अनुसार, इसका उद्देश्य उन क्षेत्रों में कंपनी के AI मॉडल को बेहतर बनाना है, जहां वे मनुष्यों द्वारा कंप्यूटर के साथ काम करने के तरीके की नकल करने में संघर्ष करते हैं, जैसे कि ड्रॉपडाउन मेनू से चयन करना और कीबोर्ड शॉर्टकट का उपयोग करना।
जरूरत
इस कारण पड़ रही जरूरत
टेकक्रंच से बातचीत में मेटा के प्रवक्ता ने कहा, "अगर हम ऐसे एजेंट बना रहे हैं, जो लोगों को कंप्यूटर का इस्तेमाल करके रोजमर्रा के काम करने में मदद करें तो मॉडल्स को इस बात के वास्तविक उदाहरणों की जरूरत होगी कि लोग असल में कंप्यूटर का इस्तेमाल कैसे करते हैं।" आगे कहा, "इसके लिए, हम एक इंटरनल टूल लॉन्च कर रहे हैं, जो कुछ खास एप्लीकेशन्स पर इस तरह के इनपुट कैप्चर करेगा, ताकि मॉडल्स को प्रशिक्षित कर सकें।"