गगनयान मिशन के लॉन्च में क्यों हो सकती है फरवरी 2027 तक देरी?
क्या है खबर?
भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान की पहली मानवरहित उड़ान में देरी हो सकती है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, ISRO के अधिकारी अब फरवरी, 2027 से पहले इस मिशन की लॉन्चिंग की उम्मीद नहीं कर रहे हैं। पहले इसे दिसंबर, 2026 में भेजने की योजना थी। अगर नई समयसीमा लागू होती है, तो भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की पहली बड़ी परीक्षण उड़ान निर्धारित कार्यक्रम से आगे बढ़ जाएगी।
वजह
तकनीकी जांच और सुरक्षा परीक्षण बने देरी की वजह
ISRO मिशन को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए अतिरिक्त तकनीकी जांच, सिमुलेशन और वैलिडेशन कर रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना का करीब 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है, लेकिन अंतरिक्ष यान और रॉकेट को उड़ान की मंजूरी मिलने से पहले कई जरूरी परीक्षण बाकी हैं।
इस मिशन में इंसानी जीवन की सुरक्षा से जुड़े सिस्टम शामिल हैं, इसलिए इसरो जल्दबाजी करने के बजाय हर व्यवस्था की अच्छी तरह जांच करना चाहता है।
अंतरिक्ष
पहली मानवरहित उड़ान में अंतरिक्ष जाएगा व्योममित्र
गगनयान की पहली मानवरहित उड़ान को जी1 नाम दिया गया है।
इसमें व्योममित्र नाम का ह्यूमनॉइड रोबोट भेजा जाएगा, जो अंतरिक्ष यात्रियों की जगह यात्रा करेगा। इस दौरान इसरो रॉकेट, क्रू मॉड्यूल, जीवन रक्षक प्रणाली और सुरक्षित वापसी से जुड़े उपकरणों की जांच करेगा।
इन परीक्षणों का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने से पहले सभी जरूरी तकनीक सही तरीके से काम कर रही है।
अन्य
पहले भी कई बार बदली जा चुकी है लॉन्चिंग की तारीख
गगनयान परियोजना को जनवरी, 2019 में मंजूरी मिली थी और शुरुआत में मई, 2022 तक पहली मानवयुक्त उड़ान का लक्ष्य रखा गया था।
कोरोना महामारी के कारण निर्माण और आपूर्ति से जुड़े काम प्रभावित हुए, जिसके बाद समयसीमा बदली गई। अगस्त, 2025 में पहली मानवरहित उड़ान के लिए 2025 की आखिरी तिमाही का लक्ष्य रखा गया था, जिसे बाद में 2026 तक बढ़ाया गया।
अब इसके फरवरी, 2027 तक टलने की आशंका है।