LOADING...
अंतरिक्ष में 675 दिन बिताने वाली एक्सिओम-4 मिशन की कमांडर पैगी व्हिटसन कौन हैं? 
पैगी व्हिटसन एक्सिओम-4 मिशन की कमांडर होंगी (तस्वीर: नासा)

अंतरिक्ष में 675 दिन बिताने वाली एक्सिओम-4 मिशन की कमांडर पैगी व्हिटसन कौन हैं? 

Jun 09, 2025
06:45 pm

क्या है खबर?

अमेरिका की अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन एक्सिओम-4 मिशन की कमांडर होंगी। यह मिशन कल (10 जून) फ्लोरिडा से लॉन्च होगा, जिसमें 4 अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं। वह 2 सप्ताह तक अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पर रहेंगे और 60 से ज्यादा प्रयोग करेंगे। भारत के शुभांशु शुक्ला इस मिशन में पायलट होंगे। यह मिशन भारत, पोलैंड और हंगरी के लिए ऐतिहासिक होगा, क्योंकि तीनों देश 4 दशक बाद मानव मिशन में भाग ले रहे हैं।

परिचय

कौन हैं पैगी व्हिटसन? 

व्हिटसन का जन्म 9 फरवरी, 1960 को आयोवा के एक छोटे गांव में हुआ था। वह खेतों में काम करते हुए बड़ी हुईं और मेहनत व लगन वहीं से सीखी। राइस यूनिवर्सिटी से बायोकेमिस्ट्री में डॉक्टरेट करने के बाद उन्होंने 1989 में नासा में काम शुरू किया। 1996 में अंतरिक्ष यात्री बनीं और 2002 में पहली बार अंतरिक्ष गईं। उन्होंने अब तक 3 लंबी यात्राएं की हैं, जिनमें से एक करीब 1 साल की थी।

अंतरिक्ष यात्रा

अंतरिक्ष में बिताए 675 दिन

व्हिटसन ने अब तक अंतरिक्ष में कुल 675 दिन बिताए हैं, जो किसी भी महिला अंतरिक्ष यात्री के लिए सबसे ज्यादा है। उन्होंने 10 स्पेसवॉक किए, जो 60 घंटे से ज्यादा रहे। वह 2 बार अंतरिक्ष स्टेशन की कमांडर बनीं और नासा की पहली महिला, गैर-सैन्य प्रमुख भी रहीं। स्पेस-X क्रू ड्रैगन, रूसी सोयुज और अमेरिकी स्पेस शटल से उड़ान भर चुकी हैं, जो बहुत कम लोगों को नसीब होता है।

अन्य

अब एक्सिओम स्पेस की अहम सदस्य

2018 में नासा से रिटायर होने के बाद व्हिटसन एक्सिओम स्पेस से जुड़ीं और अब मानव अंतरिक्ष उड़ान की निदेशक हैं। उन्होंने पहले भी एक्सिओम-2 मिशन की कमान संभाली थी। 31 मई, 2025 को उन्हें अमेरिकी एस्ट्रोनॉट हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। हालांकि, वह समारोह में नहीं पहुंचीं, क्योंकि एक्सिओम-4 मिशन के लिए क्वारंटीन में थीं। एक्सिओम-4 उनके लिए पांचवां अंतरिक्ष मिशन होगा, और दूसरा वाणिज्यिक मिशन भी।