AI पर दोहरी नीति को लेकर व्हाइट हाउस ने एंथ्रोपिक को लिया आड़े हाथ
अमेरिकी व्हाइट हाउस के शीर्ष आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सलाहकार डेविड सैक्स ने एंथ्रोपिक कंपनी को उसकी दोहरी बातों के लिए आड़े हाथों लिया है।
सैक्स ने कहा कि एंथ्रोपिक एक तरफ तो AI से होने वाले बड़े खतरों को लेकर डरा रहा है, वहीं दूसरी तरफ खुद अपनी ताकतवर AI तकनीक को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।
उन्होंने इस विरोधाभास पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, "आप इसकी तुलना परमाणु बम से करते हैं, चेतावनी देते हैं कि यह आधे सफेदपोश कर्मचारियों की नौकरियां छीन लेगा, आगाह करते हैं कि खुद को लगातार बेहतर करने वाला AI पूरी इंसानियत को खत्म कर सकता है और फिर भी इसे आगे बढ़ाने की होड़ में लगे रहते हैं।"
एडवांस्ड AI प्रोजेक्ट्स पर रोक लगाने की अपील
एंथ्रोपिक की नई रिपोर्ट बताती है कि उसका AI अब अपने 80 फीसदी से ज़्यादा कोड खुद ही लिख रहा है और इंसानों से कहीं ज्यादा तेजी से बग्स सुधार रहा है।
इतनी बड़ी तरक्की के बावजूद कंपनी मानती है कि इस खतरनाक AI दौड़ को रोकना बहुत मुश्किल है। एंथ्रोपिक ने एक हैरान करने वाली बात कही, "मिसाइल साइलो को छिपाना मुश्किल है, लेकिन AI को ट्रेनिंग देना तो बहुत आसानी से छिपाया जा सकता है।"
यही वजह है कि कंपनी अब सबसे एडवांस्ड और जोखिम भरे AI प्रोजेक्ट्स पर कुछ समय के लिए रोक लगाने की मांग कर रहा है। भले ही कंपनी 900 अरब डॉलर (करीब 83,500 अरब रुपये) का मूल्यांकन हासिल करने की होड़ में हो। फिर भी उसका कहना है कि वह जिम्मेदार तरीके से इनोवेशन करने और दुनियाभर के नीति-निर्माताओं के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।