ऐपल का WWDC 2026 कार्यक्रम आज से होगा शुरू, कब और कैसे देखें लाइव?
क्या है खबर?
टेक दिग्गज ऐपल का सालाना वर्ल्डवाइड डेवलपर कॉन्फ्रेंस (WWDC) 2026 आज से शुरू हो रहा है। इस कार्यक्रम में कंपनी अपने प्रमुख सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म से जुड़े नए बदलावों की घोषणा कर सकती है। ऐपल के CEO टीम कुक भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे उद्घाटन प्रस्तुति देंगे। यह कार्यक्रम 12 जून तक चलेगा। दुनियाभर के डेवलपर्स और ऐपल यूजर्स की नजर इस बात पर है कि कंपनी इस बार कौन से नए फीचर्स और तकनीक पेश करती है।
कार्यक्रम
यहां देख सकेंगे लाइव कार्यक्रम
ऐपल का मुख्य कार्यक्रम भारतीय समयानुसार आज रात 10:30 बजे से शुरू होगा। इसे ऐपल की आधिकारिक वेबसाइट, ऐपल TV ऐप, डेवलपर ऐप और कंपनी के यूट्यूब चैनल पर लाइव देखा जा सकेगा। जो लोग कार्यक्रम को लाइव नहीं देख पाएंगे, वे बाद में इसकी रिकॉर्डिंग भी देख सकेंगे। कंपनी ने ऐपल पार्क में चुनिंदा डेवलपर्स और छात्रों को भी आमंत्रित किया है, जहां वे इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
अपडेट
आईफोन और मैक के लिए आ सकते हैं बड़े अपडेट
रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐपल iOS, आईपैडOS, मैकOS, वॉचOS, tvOS और विजनOS में कई नए बदलाव दिखा सकता है। कंपनी का फोकस डिजाइन सुधारने, बैटरी प्रदर्शन बेहतर करने और सिस्टम को अधिक स्थिर बनाने पर रह सकता है। नए कैमरा फीचर्स, फोटो एडिटिंग टूल्स और वॉलेट ऐप में अतिरिक्त सुविधाएं भी पेश की जा सकती हैं। माना जा रहा है कि कुछ नए फीचर्स भारत समेत कई उभरते बाजारों के यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।
सिरी
सिरी को मिल सकता है AI का बड़ा अपग्रेड
इस बार सबसे ज्यादा चर्चा सिरी में आने वाले संभावित बदलावों की हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐपल सिरी को पहले से अधिक स्मार्ट और उपयोगी बनाने पर काम कर रहा है। नया सिस्टम कैलेंडर, नोट्स, ईमेल और अन्य जानकारी को समझकर बेहतर जवाब दे सकेगा। यूजर्स एक साथ कई निर्देश भी दे सकेंगे। हालांकि, बताया जा रहा है कि कुछ नई AI सुविधाएं शुरुआती दौर में सीमित यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
सुविधाएं
डेवलपर्स को मिलेंगे नए टूल्स और सुविधाएं
कार्यक्रम के मुख्य प्रस्तुति के बाद ऐपल अपने प्लेटफॉर्म से जुड़े कुछ नए डेवलपर टूल्स की भी जानकारी देगी। कंपनी ऐपल पार्क में 1,000 से अधिक डेवलपर्स और छात्रों की मेजबानी कर रही है। इसके अलावा, नए सॉफ्टवेयर टूल्स और तकनीकों पर विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। ऐपल का उद्देश्य डेवलपर्स को ऐसे संसाधन उपलब्ध कराना है, जिनकी मदद से वे बेहतर ऐप्स और डिजिटल सेवाएं तैयार कर सकें।