
वैश्विक इंटरनेट आउटेज से बीती रात कौन-कौन सी कंपनियां और सेवाएं हुईं प्रभावित?
क्या है खबर?
बीती रात दुनियाभर में एक बड़ा इंटरनेट आउटेज देखने को मिला, जिससे कई प्रमुख तकनीकी कंपनियों की सेवाएं घंटों तक बाधित रहीं।
इस गड़बड़ी का असर गूगल क्लाउड, अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) और क्लाउडफ्लेयर जैसी प्रमुख क्लाउड सेवाओं पर पड़ा। इंटरनेट यूजर्स को कई ऐप्स और वेबसाइट्स खोलने में परेशानी हुई।
यह आउटेज अचानक शुरू हुआ और इसका प्रभाव अमेरिका से लेकर दुनिया के कई अन्य देशों तक महसूस किया गया।
असर
इन कंपनियों और सेवाओं पर पड़ा असर
इस आउटेज से प्रभावित कंपनियों में गूगल, अमेजन और क्लाउडफ्लेयर सबसे प्रमुख रहीं। इनके क्लाउड सिस्टम के बंद होने से कई लोकप्रिय ऑनलाइन सेवाएं भी ठप हो गईं।
जिन सेवाओं पर सीधा असर पड़ा, उनमें स्पॉटिफाई, डिस्कॉर्ड, फुबोटीवी, ट्विच, गूगल क्लाउड सेवाएं, AWS, क्लाउडफ्लेयर और यूट्यूब और कुछ ईमेल और स्टोरेज सेवाएं भी शामिल हैं।
डाउनडिटेक्टर पर लाखों यूजर्स ने रिपोर्ट की कि वे इन सेवाओं का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे।
आशंका
साइबर हमले की आशंका
सोशल मीडिया पर इस आउटेज को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
एक्स पर नेटिजन्स ने आशंका जताई कि यह किसी बड़े साइबर हमले का नतीजा हो सकता है। कई लोगों ने इसे जानबूझकर किया गया व्यवधान बताया।
हालांकि, अब तक गूगल, AWS या क्लाउडफ्लेयर ने इस दिशा में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अभी तक इस घटना के पीछे साइबर हमले का कोई पक्का सबूत सामने नहीं आया है।
खराबी
गूगल ने दी तकनीकी खराबी की जानकारी
गूगल क्लाउड ने अपने स्टेटस पेज पर बताया कि उनके सिस्टम में तकनीकी समस्या आई थी, जिससे अमेरिका और अन्य देशों के यूजर्स प्रभावित हुए।
उन्होंने कहा कि इस गड़बड़ी की पहचान कर ली गई है और अब सुधार की प्रक्रिया चल रही है।
हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि सभी सेवाएं कब तक पूरी तरह सामान्य होंगी। एक्स पर ग्रोक AI की जानकारी के अनुसार, प्रमाणीकरण सेवा में आई समस्या के चलते यह व्यवधान उत्पन्न हुआ था।