क्रू-10 मिशन में कौन-कौन अंतरिक्ष यात्री होंगे शामिल, जिसे जल्द लॉन्च करेंगी नासा और स्पेस-X?
क्या है खबर?
नासा और स्पेस-X का क्रू-10 मिशन 12 मार्च को लॉन्च होने वाला है।
इस मिशन के तहत फाल्कन 9 रॉकेट और ड्रैगन कैप्सूल का उपयोग किया जाएगा, जो अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) तक अंतरिक्ष यात्रियों को पहुंचाएगा।
नासा इस मिशन के जरिये ISS में नए वैज्ञानिक प्रयोगों को अंजाम देगा और चालक दल को बदलने की प्रक्रिया जारी रखेगी। इस मिशन के लॉन्च होने के बाद सुनीता विलियम्स भी मार्च में पृथ्वी पर वापस लौट सकेंगी।
सदस्य
क्रू-10 में कौन-कौन होंगे शामिल?
क्रू-10 मिशन में नासा के अंतरिक्ष यात्री ऐनी मैकक्लेन और निकोल एयर्स, जापान की JAXA एजेंसी के ताकुया ओनिशी, और रूस की रोस्कोस्मोस एजेंसी के किरिल पेस्कोव शामिल हैं।
इसके अलावा, नासा के जॉनी किम भी इस अभियान का हिस्सा होंगे, जिन्हें अप्रैल में सोयुज MS-27 से भेजा जाएगा।
ये अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष स्टेशन पर 6 महीने या उससे अधिक समय तक रहेंगे और इस दौरान वे कई अभियानों और अनुसंधान कार्यों को पूरा करेंगे।
अनुभव
अंतरिक्ष यात्रियों का अनुभव
ऐनी मैकक्लेन पहले भी अंतरिक्ष जा चुकी हैं और अनुभवी हेलीकॉप्टर पायलट भी हैं। निकोल एयर्स पहली बार अंतरिक्ष में जा रही हैं और अमेरिकी वायुसेना में पायलट रह चुकी हैं।
ताकुया ओनिशी 2016 में ISS पर जा चुके हैं और जापान के प्रसिद्ध पायलट रह चुके हैं।
किरिल पेस्कोव की यह पहली अंतरिक्ष उड़ान होगी, लेकिन वह रूसी एविएशन इंडस्ट्री में लंबे समय से कार्यरत हैं। जॉनी किम पूर्व अमेरिकी नेवी SEAL, डॉक्टर और फ्लाइट सर्जन रह चुके हैं।
मिशन
मिशन से जुड़ी अन्य जानकारी
क्रू-10 मिशन नासा और स्पेस-X की संयुक्त साझेदारी का हिस्सा है, जिसमें अंतरिक्ष में लंबे समय तक मानव की उपस्थिति बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
इस मिशन में अंतरिक्ष यात्रियों को 6 महीने तक ISS पर रहना होगा, जहां वे वैज्ञानिक प्रयोग, रोबोटिक्स संचालन और स्टेशन रखरखाव जैसे कार्य करेंगे।
यह लॉन्च नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39A से होगा, जबकि सोयुज क्रू कजाकिस्तान के बैकोनूर कॉस्मोड्रोम से प्रस्थान करेगा।