Loading...
व्हाट्सऐप का नया फीचर, बिना अकाउंट वाले लोग भी इवेंट निमंत्रण कर सकेंगे स्वीकार
व्हाट्सऐप का नया फीचर

व्हाट्सऐप का नया फीचर, बिना अकाउंट वाले लोग भी इवेंट निमंत्रण कर सकेंगे स्वीकार

Nov 06, 2026
09:31 am

क्या है खबर?

व्हाट्सऐप ने अपने इवेंट फीचर में नए बदलाव किए हैं। अब यूजर्स ऐसे लोगों को भी कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भेज सकेंगे, जिनका इस ऐप पर अकाउंट नहीं है। कंपनी ने इसके लिए एक अलग इवेंट्स होम सेक्शन भी तैयार किया है। यहां से कार्यक्रम बनाने, मेहमानों के जवाब देखने और आने वाले आयोजनों की जानकारी संभालने जैसे काम किए जा सकेंगे। नए बदलावों का उद्देश्य लोगों के लिए कार्यक्रम आयोजित करना आसान बनाना है।

फीचर

ऐसे बना सकेंगे इवेंट और भेज पाएंगे निमंत्रण

इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को ऐप की सेटिंग्स में जाकर इवेंट्स सेक्शन खोलना होगा।

यहां वे नया कार्यक्रम बना सकते हैं, उसकी जानकारी भर सकते हैं और कवर फोटो लगा सकते हैं। इसके बाद निमंत्रण का लिंक अपने संपर्कों के साथ साझा किया जा सकेगा।

जिन लोगों के पास व्हाट्सऐप अकाउंट नहीं है, वे भी इस लिंक को खोलकर कार्यक्रम की जानकारी देख सकते हैं और अपनी मौजूदगी की पुष्टि कर सकते हैं।

संख्या

मेहमानों की संख्या और जवाब संभालना होगा आसान

नए इवेंट्स होम में यूजर्स को अपने बनाए और दूसरे लोगों से मिले सभी निमंत्रण एक साथ दिखाई देंगे।

इससे उन्हें अलग-अलग चैट में जाकर कार्यक्रम की जानकारी तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आयोजक यह भी देख सकेंगे कि कौन आने वाला है और किसने अभी जवाब नहीं दिया है।

प्लस-वन विकल्प के जरिए मेहमान बता सकेंगे कि वे अपने साथ किसी दूसरे व्यक्ति को भी लाएंगे। आयोजक जरूरत के मुताबिक लोगों को याद दिलाने वाले संदेश भी भेज सकेंगे।

ADVERTISEMENT

सुरक्षा

निजी जानकारी सुरक्षित रखने का भी किया गया इंतजाम

व्हाट्सऐप ने नए फीचर में निजता से जुड़े कुछ नियम भी रखे हैं।

कार्यक्रम आयोजित करने वाले व्यक्ति का फोन नंबर अनजान मेहमानों को नहीं दिखाई देगा। जिन लोगों के पास व्हाट्सऐप अकाउंट नहीं है, उन्हें भी अपनी मौजूदगी की पुष्टि करने के बाद ही कार्यक्रम का पता मिलेगा।

कंपनी के अनुसार, निजी मैसेज और कॉल पहले की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगे। यह सुविधा आने वाले हफ्तों में सभी यूजर्स के लिए जारी की जाएगी।

ADVERTISEMENT