व्हाट्सऐप पर इनविटेशन कार्ड स्कैम से गुजरात के व्यापारी के साथ 6.18 लाख रुपये की ठगी
गुजरात में व्हाट्सऐप पर एक नया स्कैम सामने आया है, जिससे लोगों को सावधान रहने की बहुत जरूरत है। इस चाल में ठग व्हाट्सऐप पर नकली इनविटेशन कार्ड भेजते हैं।
असल में उनका मकसद आपके फोन में खतरनाक APK फाइल इंस्टॉल करवाना होता है। हाल ही में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां 50 वर्षीय एक थोक अनाज व्यापारी इसका शिकार हो गया।
उन्होंने अपने फोन पर 'इनविटेशन कार्ड, GB इंस्टाग्राम APK फाइल' नाम की एक फाइल खोली, जिसके बाद 2 दिन के भीतर ही उनके बैंक खाते से 6.18 लाख रुपये निकाल लिए गए।
धोखाधड़ी से बचने के लिए बरतें ये सावधानी
ऐसे स्कैम में ठग नकली इनविटेशन कार्ड के नाम पर खतरनाक APK फाइलें छिपाकर भेजते हैं। जैसे ही कोई इन फाइल्स को खोलता है तो यह मैलवेयर आपके OTP मैसेज पढ़ सकता है, फोन पर होने वाली हर गतिविधि पर नजर रख सकता है और आपकी जानकारी के बिना आपके बैंक खाते से पैसे भी निकाल सकता है।
इससे बचने के लिए कुछ बातें ध्यान में रखनी बेहद जरूरी हैं। हमेशा ऐप केवल प्ले स्टोर जैसे भरोसेमंद जगहों से ही डाउनलोड करें। किसी भी अनजान या अजीब फाइल को खोलने से पहले कई बार सोचें, फिर चाहे वो दोस्त के नंबर से ही क्यों न आई हो। असली इनविटेशन कार्ड आमतौर पर फोटो या PDF फॉर्मेट में ही आते हैं, APK फाइल में नहीं।
अगर, गलती से किसी संदिग्ध फाइल पर क्लिक हो जाए तो तुरंत अपने फोन का इंटरनेट बंद कर दें, बैंक से संपर्क करें और साइबर अपराध हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत दर्ज कराएं।