व्हाट्सऐप ग्रुप में अब जुड़ सकेंगे 1,500 लोग, पहले थी 1,024 सदस्यों की सीमा
क्या है खबर?
व्हाट्सऐप ने ग्रुप चैट में सदस्यों की संख्या बढ़ाकर 1,500 करने की सुविधा शुरू कर दी है। WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, अब एक ग्रुप में पहले के मुकाबले 476 अधिक लोगों को जोड़ा जा सकेगा। इससे बड़े स्कूलों, संस्थानों और स्थानीय समुदायों को एक ही ग्रुप के जरिए सभी सदस्यों से जुड़ने में मदद मिलेगी। हालांकि, यह सुविधा फिलहाल धीरे-धीरे जारी की जा रही है और सभी यूजर्स तक पहुंचने में समय लग सकता है।
पहले
पहले एक ग्रुप में जुड़ सकते थे 1,024 सदस्य
इससे पहले व्हाट्सऐप पर एक ग्रुप में अधिकतम 1,024 लोगों को जोड़ने की अनुमति थी।
ऐसे में जिन स्कूलों, संगठनों या समुदायों में सदस्यों की संख्या इससे ज्यादा होती थी, उन्हें अलग-अलग ग्रुप बनाने पड़ते थे। नई सीमा लागू होने के बाद व्यवस्थापकों के लिए इतने बड़े समूह को एक जगह संभालना आसान हो सकता है।
WABetaInfo के अनुसार, यह बदलाव एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
फीचर्स
ग्रुप चैट के लिए नए फीचर्स भी हुए जारी
व्हाट्सऐप ने बड़े ग्रुप को बेहतर तरीके से संभालने के लिए कुछ दूसरे फीचर्स भी पेश किए हैं।
अब यूजर्स किसी जरूरी मैसेज को लंबे समय तक पिन करके रख सकेंगे। इसके अलावा, मेंशन और जवाब के आधार पर बातचीत को अलग करके देखना भी संभव होगा।
इससे ज्यादा सदस्यों वाले ग्रुप में जरूरी मैसेज ढूंढना और बातचीत पर नजर रखना आसान हो सकता है। इन सुविधाओं का मकसद ग्रुप चैट को व्यवस्थित बनाना है।
अन्य
नए सदस्यों के साथ शेयर कर सकेंगे पुरानी बातचीत
व्हाट्सऐप के नए अपडेट में ग्रुप के पुराने सदस्य अपनी बातचीत का इतिहास नए सदस्यों के साथ भी साझा कर सकेंगे।
इसके लिए ग्रुप एडमिन की ओर से जोड़े गए नए लोगों को पुरानी चैट उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे नए सदस्यों को ग्रुप में पहले हुई चर्चाओं और जरूरी जानकारियों को समझने में मदद मिलेगी।
बड़ी संख्या में लोगों वाले ग्रुप में यह सुविधा खास तौर पर उपयोगी साबित हो सकती है।