व्हाट्सऐप ग्रुप चैट में आए 4 नए फीचर, अब हमेशा के लिए पिन कर सकेंगे मैसेज
क्या है खबर?
व्हाट्सऐप ने ग्रुप चैट को बेहतर बनाने के लिए 4 नए फीचर पेश किए हैं। इनकी मदद से यूजर्स जरूरी मैसेज हमेशा के लिए पिन कर सकेंगे और ग्रुप में नए जुड़ने वाले लोगों के साथ पुरानी बातचीत भी साझा कर पाएंगे। इसके अलावा, ग्रुप के लिए अलग स्टेटस लगाने और उन मैसेज को आसानी से देखने की सुविधा मिलेगी, जिनमें किसी यूजर का नाम लिया गया हो या उसे जवाब दिया गया हो।
पिन
जरूरी मैसेज अब हमेशा के लिए कर सकेंगे पिन
पहले व्हाट्सऐप पर किसी मैसेज को पिन करने के लिए समय तय करना पड़ता था।
अब यूजर्स बिना समय सीमा के जरूरी मैसेज पिन कर सकेंगे। इससे ग्रुप के दूसरे सदस्य भी जरूरी जानकारी आसानी से देख पाएंगे। इसके अलावा, अब किसी नए सदस्य के ग्रुप में जुड़ने के बाद भी उसे पुरानी बातचीत भेजी जा सकेगी।
इसके लिए ग्रुप में उस सदस्य के नाम पर टैप करके हाल के मैसेज शेयर करने का विकल्प चुनना होगा।
स्टेटस
ग्रुप के लिए अलग से लगा सकेंगे स्टेटस
व्हाट्सऐप अब ग्रुप के सदस्यों को अलग से स्टेटस लगाने की सुविधा भी देगा।
इसके जरिए कोई व्यक्ति परिवार, दोस्तों या किसी खास ग्रुप के साथ अपनी जानकारी और अपडेट साझा कर सकेगा। ग्रुप के दूसरे सदस्य उस स्टेटस को देख सकेंगे और उस पर प्रतिक्रिया भी दे पाएंगे।
यह स्टेटस सामान्य स्टेटस की तरह 24 घंटे बाद अपने आप हट जाएगा। इससे हर सदस्य को अलग-अलग मैसेज भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मैसेज
जरूरी मैसेज ढूंढना होगा आसान
व्हाट्सऐप एक नया फिल्टर भी जोड़ रहा है, जिससे यूजर्स उन मैसेजेस को अलग से देख सकेंगे जिन्हें उन्होंने अभी तक नहीं पढ़ा है।
इसमें खास तौर पर वे मैसेज दिखेंगे जिनमें किसी यूजर का नाम लिया गया है या उसे सीधे जवाब दिया गया है। ग्रुप में सभी सदस्यों को एक साथ टैग करने वाले मैसेज भी इसमें शामिल होंगे।
कंपनी के मुताबिक, ये चारों बदलाव ग्रुप चैट को संभालना और जरूरी बातचीत पर ध्यान देना आसान बनाएंगे।