LOADING...
AI समिट में किस दिन क्या-क्या होगा? यहां जानिए कार्यक्रम की पूरी रूप रेखा
AI इंपैक्ट समिट 2026 का आगाज आज (16 फरवरी) से गया है

AI समिट में किस दिन क्या-क्या होगा? यहां जानिए कार्यक्रम की पूरी रूप रेखा

Feb 16, 2026
06:03 pm

क्या है खबर?

AI इंपैक्ट समिट 2026 का आगाज आज (16 फरवरी) से गया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े इस बड़े कार्यक्रम में दुनियाभर से लाखों की संख्या में लोग शामिल होने वाले हैं। यह समिट 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हो रहा है। इसे ग्लोबल साउथ में होने वाला पहला बड़ा AI समिट माना जा रहा है, जहां 100 से अधिक देशों की भागीदारी है।

पहला दिन

पहले दिन नीति और दिशा पर जोर

समिट के पहले दिन कीनोट भाषण, पैनल चर्चा और विशेषज्ञ राउंडटेबल आयोजित किए जा रहे हैं। इस दिन का मुख्य उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए राष्ट्रीय प्राथमिकताएं तय करना और आने वाले वर्षों की स्पष्ट रणनीति बनाना है। विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, नीति निर्माता और टेक विशेषज्ञ मिलकर जिम्मेदार और समावेशी AI ढांचे पर विचार कर रहे हैं। AI इम्पैक्ट एक्सपो भी शुरू हो गया है। यहां स्टार्टअप, इनोवेटर और सरकारी संस्थाएं अपने प्रोजेक्ट और समाधान प्रस्तुत कर रहे हैं।

दूसरा दिन

दूसरा दिन: हेल्थ, एजुकेशन और जेंडर पर खास फोकस

17 फरवरी को समिट के दूसरे दिन हेल्थ, एनर्जी, एजुकेशन, एग्रीकल्चर, जेंडर सशक्तिकरण और दिव्यांगजनों से जुड़े क्षेत्रों में AI के इस्तेमाल पर आधारित नॉलेज कलेक्शन जारी किए जाएंगे। भारत मंडपम में एप्लाइड AI पर विशेष सेमिनार होगा, जहां विशेषज्ञ जमीनी स्तर पर तकनीक के उपयोग पर चर्चा करेंगे। सुषमा स्वराज भवन में 'AI by HER' ग्लोबल इम्पैक्ट चैलेंज आयोजित होगा, जिसमें महिला लीडर्स की भागीदारी और सामाजिक समानता में AI की भूमिका पर विस्तार से बात की जाएगी।

Advertisement

तीसरा दिन

तीसरा दिन: रिसर्च और इंडस्ट्री के बीच ब्रिज

18 फरवरी को तीसरे दिन रिसर्च सिंपोजियम आयोजित होगा, जिसमें दुनियाभर के विद्वान और नीति विशेषज्ञ भाग लेंगे। यहां सबूत आधारित नीतियों, नई तकनीकी खोजों और जिम्मेदार AI मॉडल पर चर्चा होगी। साथ ही इंडस्ट्री सेशन में बड़ी टेक कंपनियां और स्टार्टअप अपने समाधान और प्रोजेक्ट पेश करेंगे। 'AI by HER' चैलेंज का अगला चरण भी इसी दिन होगा। शाम को समिट डिनर रखा गया है, जहां अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि आपसी सहयोग पर विचार-विमर्श करेंगे।

Advertisement

चौथा दिन

चौथा दिन: वैश्विक नेतृत्व और निवेश चर्चा

19 फरवरी को समिट अपने कूटनीतिक और व्यावसायिक शिखर पर पहुंचेगा। दिन की शुरुआत औपचारिक ओपनिंग सेरेमनी से होगी, जिसके बाद लीडर्स प्लेनरी में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नेता साझा प्रतिबद्धताओं पर चर्चा करेंगे। भारत की भूमिका और भविष्य की रणनीति पर विशेष फोकस रहेगा। इसी दिन हाई-लेवल CEO राउंडटेबल भी होगा, जहां वैश्विक उद्योगपति, निवेशक और नीति निर्माता जिम्मेदार AI, निवेश अवसरों और साझेदारी के नए रास्तों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

पांचवां दिन

पांचवां दिन: ग्लोबल गवर्नेंस और साझा घोषणा

20 फरवरी को समिट का समापन ग्लोबल गवर्नेंस और बहुपक्षीय सहयोग पर फोकस के साथ होगा। इस दिन GPAI काउंसिल मीटिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें सदस्य देश जिम्मेदार और समावेशी AI के विकास की प्रगति की समीक्षा करेंगे। समापन सत्र में लीडर्स डिक्लेरेशन अपनाए जाने की उम्मीद है, जो वैश्विक AI नीति, सहयोग और भविष्य की साझा रूपरेखा तय करेगा। इसके साथ पांच दिवसीय कार्यक्रम औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगा।

Advertisement