क्या है चीन की 'इलेक्ट्रॉनिक GLP-1' डिवाइस, न्यूरालिंक से कैसे है अलग?
क्या है खबर?
चीन की न्यूरोटेक्नोलॉजी कंपनी ब्रेनको मोटापे से लड़ने के लिए एक खास डिवाइस तैयार कर रही है। इसे 'इलेक्ट्रॉनिक GLP-1' कहा जा रहा है, क्योंकि इसका मकसद वजन घटाने वाली दवाओं की तरह भूख कम करना है। कंपनी के मुताबिक, यह उपकरण दिमाग के संकेतों को सक्रिय करके खाने की इच्छा पर नियंत्रण पाने में मदद करेगा। अगले 2 से 3 वर्षों में इसे पहले चीन और फिर अमेरिका के बाजार में उतारने की योजना है।
दावा
दिमाग के संकेतों से भूख कम करने का दावा
यह डिवाइस ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस (BCI) तकनीक पर काम करेगा।
इसमें बिना सर्जरी के दिमाग के खास संकेतों को सक्रिय किया जाएगा, ताकि भूख कम करने में मदद मिल सके। इसका तरीका वेगोवी और जेपबाउंड जैसी GLP-1 दवाओं से प्रेरित है, जो वजन घटाने में इस्तेमाल होती हैं।
हालांकि, यह कोई दवा नहीं होगी, बल्कि पहनने वाला इलेक्ट्रॉनिक उपकरण होगा। कंपनी इसे बिना शरीर में चीरा लगाए इस्तेमाल करने के लिए विकसित कर रही है।
तकनीक
न्यूरालिंक से कैसे अलग है ब्रेनको की तकनीक?
ब्रेनको की तुलना अक्सर एलन मस्क की कंपनी न्यूरालिंक से की जाती है, लेकिन दोनों का काम करने का तरीका अलग है।
न्यूरालिंक दिमाग में चिप लगाने वाली तकनीक विकसित कर रही है, जिसके लिए सर्जरी की जरूरत होती है। इसके उलट ब्रेनको अब तक ऐसे उपकरण बना रही है, जिन्हें सिर पर पहनकर इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसकी मौजूदा तकनीक में दिमाग के अंदर कोई चिप या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाने की जरूरत नहीं पड़ती।
मकसद
दोनों कंपनियों के काम का मकसद भी अलग
न्यूरालिंक का मुख्य उद्देश्य दिमाग और कंप्यूटर के बीच सीधा संपर्क बनाना है, ताकि दिमाग के संकेतों से कंप्यूटर या दूसरे उपकरणों को नियंत्रित किया जा सके।
वहीं, ब्रेनको BCI तकनीक का इस्तेमाल स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े क्षेत्रों में कर रही है। कंपनी ऑटिज्म, ADHD और अनिद्रा के लिए हेडसेट के साथ दिव्यांग लोगों के लिए कृत्रिम हाथ भी बनाती है।
हालांकि, भविष्य में ब्रेनको भी दिमाग में चिप लगाने वाली तकनीक पर काम कर सकती है।
उपलब्धता
कब तक बाजार में आएगी यह डिवाइस?
ब्रेनको के संस्थापक साझेदार निक्स हे ने बताया कि कंपनी अगले 2 से 3 वर्षों में इस डिवाइस को बाजार में उतारना चाहती है।
इसे पहले चीन में लॉन्च किया जाएगा और उसके बाद अमेरिका में विस्तार की योजना है। कंपनी चिकित्सा और आम ग्राहकों के लिए अलग-अलग संस्करण तैयार करने पर विचार कर रही है।
हालांकि, अभी इसकी कीमत, इस्तेमाल की मंजूरी और भूख कम करने में वास्तविक असर को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।