मैसूर के विद्यावर्धका कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (VVCE) ने हाल ही में अपना 'पिनाका एकेडेमिक टेपआउट' प्रोजेक्ट पूरा किया है। यह भारतीय सेमीकंडक्टर अनुसंधान के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस प्रोजेक्ट के तहत टीम ने स्वदेशी RISC-V आर्किटेक्चर पर आधारित और 65 नैनोमीटर टेक्नोलॉजी का उपयोग कर एक चिप डिजाइन की है। इस अहम प्रोजेक्ट को 13 नवंबर को पूरा किया गया।
इस दौरान कॉलेज प्रबंधन के सदस्य अस्ट्रासेमी और कायरोस सेमी के प्रतिनिधि, VVCE के प्राचार्य और उप प्राचार्य, इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख, साथ ही प्रोजेक्ट के प्रमुख अन्वेषक और सह प्रधान अन्वेषक एक साथ जुटे।
प्रोजेक्ट दे रहा छात्रों को व्यावहारिक अनुभव
पिनाका अस्ट्रासेमी और कायरोस सेमी का एक संयुक्त प्रोजेक्ट है। इसके जरिए छात्रों को असल चिप डिजाइन पर काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिल रहा है। अब तैयार हुई इस चिप को टेपआउट के लिए ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी लिमिटेड (TSMC) भेजा गया है।
VVCE के प्राचार्य सदाशिव गौड़ा ने बताया कि 'पिनाका' प्रोजेक्ट ने संस्थान के लिए एक अहम पड़ाव तय किया है। यह सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में अकादमिक रिसर्च और उद्योग के आपसी सहयोग की क्षमता को सामने लाता है।
साथ ही इससे छात्रों और फैकल्टी को भारत के लगातार बढ़ रहे स्वदेशी चिप डिजाइन इकोसिस्टम में योगदान देने की प्रेरणा मिल रही है।