Page Loader
वर्जिन गैलेक्टिक 27 जून को लॉन्च कर सकती है पहली व्यावसायिक अंतरिक्ष उड़ान, जानें किराया
जल्द उड़ेगी वर्जिन गैलेक्टिक की पहली व्यावसायिक अंतरिक्ष उड़ान (तस्वीर: ट्विटर/@virgingalactic)

वर्जिन गैलेक्टिक 27 जून को लॉन्च कर सकती है पहली व्यावसायिक अंतरिक्ष उड़ान, जानें किराया

लेखन रजनीश
Jun 16, 2023
11:40 am

क्या है खबर?

अंतरिक्ष कंपनी वर्जिन गैलैक्टिक वर्षों की मेहनत के बाद आखिरकार लोगों को अंतरिक्ष की सैर कराने के लिए तैयार है। कंपनी ने पुष्टि की है कि 27 जून से 30 जून के बीच उसकी व्यावसायिक अंतरिक्ष उड़ान 'गैलेक्टिक 01' लॉन्च होगी। उद्घाटन मिशन के तौर पर ये इटली के एयर फोर्स और नेशनल रिसर्च काउंसिल के 3 लोगों को अंतरिक्ष में ले जाया जाएगा। ये लोग माइक्रोग्रैविटी से जुड़ा रिसर्च करते हैं।

उड़ान

उड़ानें कंपनी की वेबसाइट पर हो सकती है लाइव स्ट्रीम

वर्जिन गैलेक्टिक के पास पहले से ही कई उड़ानें निर्धारित हैं। 'गैलेक्टिक 02' के अगस्त के शुरुआत में लॉन्च होने की उम्मीद है और इसमें एक निजी चालक दल होगा। इसके बाद वर्जिन मासिक आधार पर उड़ान भरेगा। हालांकि, इसके भविष्य के मिशनों की जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है। इसकी पहली 2 उड़ानें कंपनी की वेबसाइट के जरिए लाइव स्ट्रीम होने की उम्मीद है। मई के अंत में वर्जिन ने अपने आखिरी उड़ान का परीक्षण किया था।

परीक्षण

2021 में कंपनी के संस्थापक ने भरी थी अंतरिक्ष की उड़ान

कंपनी ने 2013 में अपनी पहली स्पेसशिप-टू की परीक्षण उड़ानें पूरी की थी, लेकिन 2014 में VSS एंटरप्राइज की घातक दुर्घटना के बाद अपने प्रयासों को रोक दिया। 2016 के अंत में VSS यूनिट के ग्लाइड परीक्षण तक उड़ान परीक्षण फिर से शुरू नहीं हुई। हालांकि, फर्म अंतत: 2018 में अंतरिक्ष में पहुंच गई। कंपनी ने आखिरी उड़ान जून, 2021 में भरी थी। इसमें कंपनी के संस्थापक अरबपति रिचर्ड ब्रैनसन सहित 6 लोग सबऑर्बिटल अंतरिक्ष में गए थे।

टिकट

3 करोड़ रुपये से अधिक है टिकट की कीमत

वर्जिन के बिजनेस के लिए यह उड़ान महत्वपूर्ण महत्वपूर्ण है। वर्जिन की अंतरिक्ष कंपनी को वर्षों से घाटा हो रहा है। सिर्फ 2022 में कंपनी को लगभग 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का घाटा हुआ है। वर्जिन की अंतरिक्ष उड़ान के लिए प्रति टिकट की कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक है। इससे भी कंपनी के घाटे की भरपाई जल्दी नहीं होगी, लेकिन यह कंपनी के राजस्व का एक महत्वपूर्ण स्त्रोत होगा।

प्रतिद्वंदी

ब्लू ओरिजिन से पीछे और स्पेस-X से आगे होगी वर्जिन गैलेक्टिक

अंतरिक्ष पर्यटन की शुरुआत करने के बाद भी वर्जिन गैलेक्टिक एक अन्य निजी अंतरिक्ष कंपनी ब्लू ओरिजन से पीछे है। हालांकि, वर्जिन की 'गैलेक्टिक 01' उड़ान इसे स्पेस-X से आगे रखेगी। दरअसल, स्पेस-X के स्टारशिप रॉकेट के पहले लूनर टूरिस्ट फ्लाइट उड़ान की 2024 से पहले शुरू होने की उम्मीद नहीं है। देखा जाए तो स्पेस-X की तुलना में वर्जिन कम महत्वाकांक्षी है और उसके बाद भी अपने लक्ष्यों को जल्द हासिल कर रही है।