वैज्ञानिकों ने बनाई थोरियम परमाणु घड़ी, ज्यादा सटीक दिखाएगी समय
ऑस्ट्रिया के वियना में वैज्ञानिकों की एक टीम ने एक बिल्कुल नई तरह की घड़ी बनाई है। आम घड़ियों में इलेक्ट्रॉन का इस्तेमाल होता है, लेकिन इसमें थोरियम के नाभिक का उपयोग किया गया है।
इसी वजह से बाहरी स्थितियों का इस पर बहुत कम असर पड़ता है। यह परमाणु घड़ी बिना किसी बाहरी मदद के 24 घंटे से ज्यादा समय तक अकेले चल सकती है।
इतना ही नहीं यह आज की सबसे बेहतरीन परमाणु घड़ियों से भी ज्यादा सटीक हो सकती है।
ऑप्टिकल एटॉमिक घड़ियों जितनी नहीं सटीक
सबसे बड़ी कामयाबी तब मिली जब ट्यू विएन में प्रोफेसर थोरस्टन शूम की टीम ने लेजर की मदद से थोरियम के नाभिक को उत्तेजित किया। इस प्रयोग से यह साबित हो गया कि यह विचार वास्तव में काम करता है।
हालांकि, यह थोरियम घड़ी अभी दुनिया की सबसे ज्यादा सटीक ऑप्टिकल एटॉमिक घड़ियों जितनी सटीक नहीं है, लेकिन वैज्ञानिकों का मानना है कि बेहतर लेजर और एडवांस क्रिस्टल का इस्तेमाल करके इसे और बेहतर बनाया जा सकता है।
अगर, सब कुछ ठीक रहा तो परमाणु घड़ियां समय मापने का एक बिल्कुल नया पैमाना तय कर सकती हैं और भविष्य के विज्ञान के लिए कई रोमांचक रास्ते खोल सकती हैं।