वर्स इनोवेशन ने ब्रांड फिल्म बनाने के लिए लॉन्च किया स्पार्कस्टेशन AI प्लेटफॉर्म
डेलीहंट और जोश जैसे ऐप बनाने वाली कंपनी वर्स इनोवेशन ने हाल ही में स्पार्कस्टेशन नाम का एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है।
फिल्म एक्सपो 2026 में पेश किया गया यह प्लेटफॉर्म वीडियो और विज्ञापन बनाने के काम को बहुत आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है।
यह प्लेटफॉर्म स्क्रिप्ट लिखने, स्टोरीबोर्ड बनाने, वीडियो एडिट करने और रेंडरिंग जैसे सभी कामों को एक ही जगह ले आता है, जिससे ब्रांड फिल्मों को बनाना काफी तेज और सस्ता हो सकता है।
अब केवल 60 सेकेंड में बना सकेंगे ब्रांड फिल्म
स्पार्कस्टेशन का दावा है कि यह 60 सेकेंड की ब्रांड फिल्म बनाने की लागत को 10-25 लाख रुपये से घटाकर सिर्फ 50,000-75,000 रुपये तक ला सकता है।
साथ ही, जहां सप्ताह लगते थे, वहीं अब यह काम केवल 24 घंटे में पूरा हो जाएगा। यह प्लेटफॉर्म प्रीमियर प्रो और फाइनल कट प्रो जैसे प्रोफेशनल एडिटिंग टूल्स को भी सपोर्ट करता है।
यह 60 से ज्यादा भाषाओं में स्थानीयकरण की सुविधा देता है, जिसमें होंठों की हरकत, भावनाओं की अभिव्यक्ति और स्थानीय हावभाव में बदलाव भी शामिल हैं। इससे यूजर्स पूरे वीडियो में एकरूपता बनाए रख सकते हैं।
अभी यह प्लेटफॉर्म बीटा मोड में है और 1 अक्टूबर को लॉन्च होगा। यह स्टूडियो और ब्रांड्स के लिए सीट-आधारित सॉफ्टवेयर एज ए सर्विस (SaaS) प्लान में मिलेगा, जबकि क्रिएटर्स और इंफ्लुएंसर्स के लिए क्रेडिट-आधारित मॉडल होगा। बड़े ग्राहकों को एंटरप्राइज लाइसेंसिंग और API एक्सेस का विकल्प भी मिलेगा।