एशियाई खेल 2026: क्या BCCI भेजेगा दूसरी श्रेणी की टीम? लचर व्यवस्थाओं से नाराजगी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) जापान के ऐची-नागोया में होने वाले आगामी एशियाई खेल 2026 में क्रिकेट आयोजनों की तैयारियों से बेहद नाखुश हैं। समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, खिलाड़ियों की सुविधाओं और खराब व्यवस्थाओं को देखते हुए BCCI इन खेलों में दूसरी श्रेणी की टीम भेजने पर विचार कर रहा है। बता दें कि पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 3 अक्टूबर और महिलाओं की 17 से 22 सितंबर तक आयोजित की जाएगी।
परेशानी
तंबू में ड्रेसिंग रूम और दूर शौचालय
ACC की बैठक के दौरान BCCI और अन्य अधिकारियों ने जापान ओलंपिक अधिकारियों के सामने खिलाड़ियों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
सूत्रों के अनुसार, टूर्नामेंट के लिए बनाए गए ड्रेसिंग रूम महज अस्थायी तंबू में बनाए गए हैं।
खिलाड़ियों के लिए शौचालय की व्यवस्था भी इन तंबुओं से करीब 500 मीटर की दूरी पर की गई है, जिसे BCCI ने खिलाड़ियों के लिहाज से पूरी तरह असंतोषजनक माना है।
फैसला
पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के बाद लिया जाएगा अंतिम फैसला
BCCI जापान के इन मैदानों और व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर आकलन करने के लिए जल्द ही अपना एक आधिकारिक पर्यवेक्षक वहां भेजने की योजना बना रहा है।
इस पर्यवेक्षक द्वारा सौंपी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय किया जाएगा कि भारत वहां अपनी मुख्य टीम भेजेगा या फिर दूसरी श्रेणी की।
सूत्रों के अुनसार, ACC की बैठक के दौरान जापान ओलंपिक के अधिकारियों के समक्ष अव्यवस्थाओं पर चिंता जताई जा चुकी है।
टीम
एशियाई खेलों के लिए भारत की पुरुष और महिला टीमें
एशियाई खेलों के लिए भारत की पुरुष टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी और जसप्रीत बुमराह।
भारतीय महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, जी कमलिनी, भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव और नंदनी शर्मा।