दिल्ली NCR में CNG 3.89 रुपए प्रति किलोग्राम महंगी, जानिए अब कितनी हुई कीमत
क्या है खबर?
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में बदलाव की घोषणा की। इसके बाद शनिवार (29 अगस्त) को दिल्ली NCR में CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है। इस वृद्धि के बाद राजधानी में CNG की खुदरा कीमत अब 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि पहले यह 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम थी। बदली हुई कीमतें IGL द्वारा सर्विस दिए जाने वाले पड़ोसी शहरों पर भी लागू होंगी।
कारण्
इस कारण महंगी हुई गैस
IGL के अनुसार, पश्चिमी एशिया में चल रहे टकराव से जुड़ी सप्लाई की चिंताओं के कारण पिछले कुछ सप्ताह में आयात की जाने वाली लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) की कीमत में तेजी से उछाल आया है।
कंपनी पर लगातार इसका प्रभाव पड़ रहा है। नुकसान की भरपाई के लिए दाम बढ़ाए गए हैं।
नई बढ़ोतरी के बाद नोएडा और गाजियाबाद में CNG 95.59 रुपये प्रति किलोग्राम, मेरठ में 95.47 रुपये और गुरूग्राम में 92.01 रुपये प्रति किलो हो गई।
असर
बढ़ोतरी का क्या होगा असर?
CNG के दाम बढ़ने का असर दिल्ली NCR में चलने वाले ऑटो, टैक्सी और माल ढोने वाले वाहनों पर पड़ सकता है।
इससे आने वाले समय में यात्रियों के किराए और माल ढुलाई की लागत बढ़ने की संभावना है।
बता दें कि यह इस साल में 5वां मौका है, जब CNG के दाम बढ़ाए गए हैं। मई में 4 बार कीमतों में इजाफा किया गया। इस दौरान 10 दिनों के अंदर कीमत 6 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाई थी।