CXMT ने चीनी सेना कंपनी का दर्जा दिए जाने को लेकर पेंटागन पर किया मुकदमा
क्या है खबर?
चीन की मेमोरी चिप निर्माता चांगशिन मेमोरी टेक्नोलॉजीज (CXMT) ने अमेरिका के रक्षा विभाग (पेंटागन) पर मुकदमा किया। यह उसका नाम चीनी सेना की मदद करने वाली कंपनियों की सूची में शामिल करने के आरोपों के खिलाफ किया गया है। कंपनी ने फेडरल मुकदमे में कहा, "CXMT का चीनी सेना से कोई संबंध नहीं है।" CXMT अपने DRAM चिप्स को आम लोगों और व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए डिजाइन, प्रोड्यूस और बेचती है न कि सेना के इस्तेमाल के लिए।"
चुनौती
जो बाइडन के आदेश को ट्रंप ने बरकरार रखा
अमेरिकी रक्षा विभाग ने रॉयटर्स को एक बयान में कहा, "नीति के तौर पर विभाग लंबित या चल रहे मुकदमों पर कोई टिप्पणी नहीं करता है।"
पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन प्रशासन ने CXMT को चीनी सेना कंपनी के तौर पर चिह्नित किया और ट्रंप प्रशासन ने जून के अपडेट में इस कंपनी को उस सूची में बनाए रखा।
यह मुकदमा खुद को उस लिस्ट से हटवाने के लिए है, जिसकी वजह से सरकारी अनुबंधाें पर रोक लग सकती है।
नुकसान
कंपनी को इससे हुआ नुकसान
कंपनी ने एक बयान में कहा, "जनवरी, 2025 में शुरुआती तौर पर नाम शामिल किए जाने के बाद से CXMT को लगातार अपनी साख और कारोबार के मामले में नुकसान उठाना पड़ा है।"
कंपनी ने यह भी कहा कि वह अपने कारोबारी हितों की रक्षा के लिए यह कदम उठा रही है।
CXMT डायनामिक रैंडम-एक्सेस मेमोरी (DRAM) चिप बनाने वाली प्रमुख कंपनी है। इनका इस्तेमाल स्मार्टफोन, कंप्यूटर, सर्वर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम में बड़े पैमाने पर किया जाता है।