भारत में यूजर्स ने की यूट्यूब डाउन होने की शिकायत, जानिए क्या हुई परेशानी
क्या है खबर?
भारतीय यूट्यूब यूजर्स ने वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म को एक्सेस करने में आ रही समस्याओं की जानकारी दी है। बताई गई समस्याओं में ऐप खोलते समय एरर आना, सर्वर कनेक्शन में दिक्कतें और वीडियो लोड न होना शामिल हैं। डाउनडिटेक्टर के अनुसार, यूट्यूब यूजर्स ने ऐप, सर्वर कनेक्शन और वीडियो स्ट्रीमिंग से जुड़ी समस्याओं की शिकायत की है। टीम यूट्यूब ने ऐप को अनइंस्टॉल करके दोबारा इंस्टॉल करने और डिवाइस को रीस्टार्ट करने का सुझाव दिया है।
समस्या
सबसे ज्यादा क्या समस्या आई?
डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों से पता चलता है कि रिपोर्ट की गई समस्याओं में से 48 फीसदी ऐप से जुड़ी हैं, जबकि 37 फीसदी सर्वर कनेक्शन से संबंधित हैं, वहीं 9 फीसदी शिकायतें वीडियो स्ट्रीमिंग से जुड़ी हैं।
आउटेज ट्रैक प्लेटफॉर्म के अनुसार, पिछले 24 घंटों में यूट्यूब से जुड़ी रिपोर्ट्स में बढ़ोतरी हुई है।
रात में बड़ा उछाल देखा गया, जबकि सुबह के शुरुआती घंटों में रिपोर्ट्स की संख्या में कुछ कमी आई, लेकिन दिन में फिर बढ़ गईं।
प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
कई यूजर्स ने एक्स पर यूट्यूब से जुड़ी समस्याओं के बारे में बताया है। एक यूजर ने @YouTubeIndia को टैग करके पूछा कि प्लेटफॉर्म काम क्यों नहीं कर रहा है और साथ ही एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें ऐप पर एक एरर मैसेज दिख रहा है।
एक अन्य यूजर ने बताया कि उनके डिवाइस पर कल से यूट्यूब काम नहीं कर रहा है। स्क्रीनशॉट में लिखा है, "सर्वर के साथ कोई समस्या आई है [400]"।