दुनिया में बढ़ रहा ह्यूमनॉइड रोबोट का इस्तेमाल, पिछले साल बिके 7,000 से अधिक
क्या है खबर?
दुनिया में इंसानों की तरह काम करने वाले ह्यूमनॉइड रोबोट का उपयोग बढ़ रहा है। इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रोबोटिक्स (IFR) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल दुनियाभर में करीब 7,000 ह्यूमनॉइड रोबोट बेचे गए। इनका इस्तेमाल इंडस्ट्रियल और प्रोफेशनल सर्विस के कामों में किया गया। हालांकि, यह संख्या कुल रोबोट बिक्री की तुलना में काफी कम है। IFR के अनुसार, ह्यूमनॉइड रोबोट इंसानों जैसे दिखते हैं और उनके लिए बनाए माहौल में खुद काम कर सकते हैं।
इस्तेमाल
चीन में तेजी से बढ़ सकता है इस्तेमाल
आने वाले वर्षों में ह्यूमनॉइड रोबोट की बिक्री तेजी से बढ़ने का अनुमान है।
चीन इस क्षेत्र का बड़ा बाजार बन सकता है, क्योंकि वह इंडस्ट्रियल रोबोट का दुनिया का सबसे बड़ा बाजार है। चीन ने हाल ही में अपने रोबोट गेम्स में ह्यूमनॉइड रोबोट की दौड़ और बॉक्सिंग का प्रदर्शन भी किया था।
IFR की परिभाषा के अनुसार, ह्यूमनॉइड रोबोट के लिए पैरों का होना जरूरी नहीं है, लेकिन उसका डिजाइन इंसानों जैसा होना चाहिए।
शोध
कई रोबोट अभी शोध में इस्तेमाल
IFR की सेक्रेटरी जनरल सुजैन बायलर के अनुसार, 2025 में बिके कई ह्यूमनॉइड रोबोट अभी प्रोडक्टिव काम में नहीं लगे थे।
इन्हें रिसर्च संस्थानों और कंपनियों ने खरीदा, ताकि AI मॉडल को बेहतर बनाने के लिए डेटा तैयार किया जा सके। कार बनाने वाली कंपनियां भी इन रोबोटों के साथ अपने प्लांट में परीक्षण कर रही हैं।
कुछ जगहों पर एक अंक वाली, तो कहीं दो अंक वाली संख्या में रोबोट इस्तेमाल किए जा रहे हैं।
अनुमान
2030 तक 12 लाख रोबोट का अनुमान
IFR ने पहली बार अपने नियमित रोबोट आंकड़ों के साथ ह्यूमनॉइड रोबोट का डाटा भी जुटाना शुरू किया है।
इसकी तुलना 2024 में लगाए गए करीब 5.42 लाख इंडस्ट्रियल रोबोट और करीब 1.99 लाख सर्विस रोबोट से की जा सकती है। बैंक ऑफ अमेरिका ग्लोबल रिसर्च का अनुमान है कि 2030 तक दुनिया में 12 लाख ह्यूमनॉइड रोबोट भेजे जा सकते हैं।
IFR के आंकड़ों में उपभोक्ता और सैन्य ह्यूमनॉइड रोबोट शामिल नहीं हैं।