AI इम्पैक्ट समिट में नहीं लिया UPI से भुगतान, आगंतुक बोले- ये कैसा डिजिटल इंडिया कार्यक्रम?
क्या है खबर?
देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विकास को लेकर नई दिल्ली में आयोजित किए जा रहे इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में प्रतिभागी डिजिटल भुगतान स्वीकार नहीं किए जाने से हैरान रह गए। आयोजन के पहले दिन कई प्रतिभागियों ने ऑनलाइन शिकायत की है कि खाद्य विक्रेता यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) से भुगतान स्वीकार नहीं कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यहां केवल नकद भुगतान स्वीकार किया गया और कार्ड या UPI का कोई विकल्प नहीं दिया गया।
शिकायत
शिकायतों की लगी झड़ी
एक यूजर ने कहा, "अगर आप UPI से भुगतान नहीं कर सकते तो यह डिजिटल इंडिया कार्यक्रम कैसे हो सकता है? काउंटर पर सिर्फ नकद भुगतान ही चलेगा।" अन्य यूजर ने इंडिया AI इम्पैक्ट समिट को खराब आयोजन का बेहतरीन उदाहरण बताया और डिजिटल इंडिया कार्यक्रम में सिर्फ नकद भुगतान और वाई-फाई की कमी की ओर इशारा किया। एक आगंतुक ने सोशल मीडिया पर शिकायत में लिखा, "समिट में डिजिटल भुगतान की अनुमति नहीं है। विडंबना की पराकाष्ठा।"
आयोजन
क्या है इंडिया AI इंपैक्ट समिट?
नई दिल्ली में 16-20 फरवरी 2026 को आयोजित समिट AI पर एक प्रमुख वैश्विक सम्मेलन है। इसमें समाज को समावेशी और नैतिक AI विकास के लिए सरकारों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों, उद्योग जगत के नेताओं, शोधकर्ताओं को चर्चा के लिए मंच दिया है। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से इसकी मेजबानी की जा रही है। इसमें AI एक्सपो, पैनल चर्चा, वर्कशॉप और हैकथॉन शामिल हैं, जो स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, कृषि और शासन में AI पर केंद्रित हैं।